लंदन, 27 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने विकेटकीपर सरफराज अहमद (105) की शतकीय पारी की बदौलत लॉर्डस पर चल रहे दूसरे एकदिवसीय मैच में इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 252 रनों का लक्ष्य रखा है।
पाकिस्तानी पारी बेहद उतार-चढ़ाव भरी रही और यह सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में पूरी पाकिस्तानी टीम एक गेंद पहले ही ढेर हो गई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। समी असलम (1), शर्जील खान (0) और कप्तान अजहर अली (0) मात्र दो रन के कुल योग पर पवेलियन लौट चुके थे।
इसके बाद बाबर आजम (30) ने सरफराज के साथ चौथे विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी कर टीम को स्थिरता प्रदान की। दोनों बल्लेबाजों ने छह से अधिक के औसत से यह रन बटोरे।
बाबर के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए शोएब मलिक (28) ने भी सरफराज के साथ 49 रनों की साझेदारी निभाई, लेकिन वह भी बीच रास्ते 125 के कुल योग पर पवेलियन लौट गए।
पाकिस्तान पर अभी भी संकट का बादल मंडरा रहे थे लेकिन इमाद वसीम (नाबाद 63) ने इसके बाद सरफराज के साथ 77 रनों की ठोस साझेदार निभाई और टीम को 200 के पार पहुंचाया।
इस बीच सरफराज ने 124 गेंदों पर छह चौकों की मदद से करियर का दूसरा शतक पूरा किया। लॉर्ड्स पर शतक लगाने वाले सरफराज पाकिस्तान के पहले बल्लेबाज भी बने। हालांकि वह अपनी इस पारी को और संवार नहीं सके और आदिल राशिद की गेंद पर एलेक्स हेल्स को कैच थमा बैठे।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे पाकिस्तान के निचले क्रम के चारों बल्लेबाज दहाई तक भी नहीं पहुंच सके और लगातार विकेट गंवाते रहे। लेकिन इमाद वसीम ने एकतरफा मोर्चा संभाला और 70 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का जमाते हुए अंत तक क्रीज पर टिके रहे।
पाकिस्तान ने आखिरी के 10 ओवरों में 64 रन बनाए, हालांकि आखिरी के पांच ओवरों में उन्होंने चार विकेट भी गंवाए।
इंग्लैंड के लिए मार्क वुड और क्रिस वोक्स ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि प्लंकेट को दो और राशिद को एक विकेट मिला।
पांच मैचों की श्रृंखला में इंग्लैंड 1-0 से आगे चल रहा है।
dharmpath.com dharmpath