चेन्नई, 3 सितम्बर (आईएएनएस)। विश्व शतरंज ओलम्पियाड में भारतीय पुरुष और महिला शतरंज टीमों ने जीत के साथ शुरुआत की है।
पुरुष टीम ने शुक्रवार को बोलीविया को 4-0 से मात दी तो महिला टीम ने यूगोस्लाविया का हिस्सा रहे मैसिडोनिया गणराज्य को हराया।
पहले दौर के लिए भारत की दोनों टीमों ने अपने शीर्ष खिलाड़ियों को आराम दिया था। पुरुष टीम ने विश्व के 16वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ग्रैंड मास्टर पेंटाला हरिकृष्ण को आराम दिया तो वहीं महिला टीम ने विश्व की पांचवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ग्रैंड मास्टर हरिका द्रोणावल्ली को पहले दौर से दूर रखा।
11वीं वरीयता प्राप्त भारतीय पुरुष टीम की तरफ से बी.अधीबान, विदित संतोष गुजराती, एस.पी. सेथुरमन, और कार्तिकेयन मुरली ने पहले दौर में भारत का प्रतिनिधित्तव किया।
भारतीय टीम ने अपने से कम रैंकिंग वाली बोलीविया को आसानी से मात दी।
रूस, चीन, अजरबैजान, अमेरिका और यूक्रेन ने भी अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल की।
भारतीय महिला टीम की ओर से इंटरनेशनल मास्टर्स पद्मनी राउत, तानिया सचदेवा, सौम्या स्वामीनाथन और प्रत्युषा बोड्डा ने पहले दौर के मुकाबले खेले।
महिला मुकाबले में शीर्ष चार टीम चीन, यूक्रेन, रूस और जॉर्जिया ने भी 4-0 से जीत दर्ज की।
dharmpath.com dharmpath