अमेरिकी ओपन : सिलिक बाहर, नडाल, जोकोविक अंतिम-16 में

न्यूयॉर्क, 3 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका के पुरुष टेनिस खिलाड़ी जैक सॉक ने साल के चौथे एवं आखिरी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट अमेरिकी ओपन में उलटफेर करते हुए 2014 में खिताब जीतने वाले क्रोएशिया के मारिन सिलिक को हरा दिया।

जैक ने शुक्रवार को टूर्नामेंट के तीसरे दौर में सिलिक को सीधे सेटों में 6-4, 6-3, 6-3 से मात दी और प्री- क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

वहीं शीर्ष वरीयता प्राप्त पुरुष टेनिस खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविक और स्पेन के राफेल नडाल ने भी अपने-अपने मुकाबले जीत अंतिम 16 में जगह बना ली है।

समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, अपने शानदार फोरहैंड और सर्विस के लिए मशहूर 26वीं वरीयता प्राप्त जैक ने सिलिक की सर्विस को चार बार तोड़ा और एक घंटे 41 मिनट में मुकाबला अपने नाम किया।

जैक ने मैच पर पूरी तरह अपना नियंत्रण रखा और एक भी ब्रैंक प्वाइंट का सामना नहीं किया।

23 वर्षीय यह अमेरिकी खिलाड़ी अगले दौर में फ्रांस के जो विलफ्राइड सोंगा से भिड़ेंगे। सोंगा ने तीसरे दौर में दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन को 6-3, 6-4, 7-6 (7-4) से मात देकर अगले दौर में जगह बनाई।

जोकोविक ने शुक्रवार को इस टूर्नामेंट के अंतिम 16 में लगातार 10वीं बार प्रवेश किया है। तीसरे दौर में जोकोविक के विरोधी रूस के मिखाइल यूझाई चोट के कारण पहले सेट में ही बाहर हो गए और मुकाबला पूरा नहीं कर पाए। मिखाइल को जब चोट लगी तब वह 2-4 से पीछे चल रहे थे।

जोकोविच दूसरे दौर में वॉक ओवर मिलने के बाद ही तीसरे दौर में आए थे।

उनका अगला मुकाबला ब्रिटिश के काइल इडमंड से होगा जिन्होंने अमेरिका के जॉन इश्नेर को 6-4, 3-6, 6-2, 7-6(5) से मात दी है।

मैच के बाद जोकोविक ने कहा, “कुछ दिनों के आराम के बाद छोटे मैच खेलना अच्छा है।”

दो बार के अमेरिकी ओपन चैम्पियन नडाल ने रूस के आंद्रे कुजनेस्तसोव को 6-1, 6-4, 6-2 से मात देते हुए अंतिम 16 में प्रवेश किया।

मैच के बाद नडाल ने कहा, “मैं आज अच्छा खेला। मैं अपने खेल से खुश हूं। पहला सेट काफी अच्छा था।”

नडाल का अगला मुकाबला फ्रांस के लुकाल पाउइले से होगा। उन्होंने स्पेन के रोबेटरे बाउटीस्टा को 3-6, 7-5, 2-6, 7-5, 6-1 से मात देकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

फ्रांस के गेल मोनफिल्स भी स्पेन के निकोलस अल्माग्रो पर 6-4, 6-2, 6-4 से जीत दर्ज करने के बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं।

महिला एकल में जर्मनी की एंजेलिका केर्बर, डेनमार्क की कारोलिने वोजनिआस्की, इटली की रोर्बेटा विंसी, ब्रिटेन की जोहाना कोंटा और चेकगणराज्य की पेट्रा क्वीटोवा ने भी अंतिम 16 में जगह बना ली है।

विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी केर्बर ने अमेरिका की कैथरिन बेलिस को 6-1, 6-1 से मात दी। वह प्री-क्वार्टर फाइनल में क्वीटोवा से भिड़ेंगी। क्वीटोवा ने यूक्रेन की इलिना स्वीटोलिना को सीधे सेटों में 6-3, 6-4 से मात दी थी।

महिला टेनिस संघ की वेबसाइट ने केर्बर के हवाले से लिखा है, “यहां का माहौल काफी अच्छा था। यहां के प्रशंसक और दर्शक शानदार थे। अमेरिकी खिलाड़ी के खिलाफ खेलना विशेष था। मैंने इसका भरपूर आनंद उठाया।”

अमेरिका की मैडिसन कीस ने जापान की युवा खिलाड़ी नाओमी ओसाका की चुनौती को अच्छी तरह संभाला और उन्हें 7-5, 4-6, 7-6 (7-3) से मात दी। क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए कीस, वोजनिआस्की से भिड़ेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493