पेरिस, 3 सितम्बर (आईएएनएस)। फ्रांस की विश्वविख्यात हास्य-व्यंग्य पत्रिका शार्ली हेब्दो इटली में हाल ही में आए भीषण भूकंप पर बनाए गए अपने कार्टून को लेकर फिर से विवादों में है।
पत्रिका में प्रकाशित कार्टून में इटली भूकंप में पीड़ितों को पास्ता की तरह प्रदर्शित किया गया है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर जमकर पत्रिका की अलाचोना हो रही है।
समाचार समूह ‘सीएनएन’ के अनुसार, शार्ली हेब्दो के ताजा अंक में ‘भूकंप-इतालवी शैली में’ शीर्षक से एक कार्टून प्रकाशित किया गया है, जिसमें भूकंप पीड़ितों को इतालवी व्यंजनों की तरह प्रदर्शित किया गया है।
इस काटरून में गंभीर रूप से जख्मी खून से लथपथ एक व्यक्ति के लिए लिखा है ‘टोमैटो सूप के साथ पास्ता’।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार भूकंप से बुरी तरह प्रभावित एमाट्रिस शहर के मेयर सर्जियो पिरोजी ने शार्ली एब्दो के इस कृत्य को ‘अरुचिकर और शर्मनाक’ कहा है।
इटली की सरकारी समाचार एजेंसी ‘एएनएसए’ के मुताबिक, पिरोजी ने कहा, “मुझे पूरा भरोसा है कि यह फ्रांस के लोगों की वास्तविक भावना से मेल नहीं खाता। व्यंग्य का हम हमेशा समर्थन करते हैं, लेकिन आप आपदा और मौतों पर व्यंग्य नहीं कर सकते।”
उल्लेखनीय है कि बीते सप्ताह इटली आए 6.2 तीव्रता वाले भीषण भूकंप में अकेले एमाट्रिस में 180 लोगों की मौत हो गई और शहर का अधिकांश हिस्सा जमींदोज हो गया।
काटरून प्रकाशित होने के कुछ ही देर बाद सोशल नेटवर्किं ग साइटों पर शार्ली हेब्दो हैशटैग छा गया और चारों ओर से पत्रिका की आलोचनाएं होने लगीं।
ट्विटर पर एक यूजर ने लिखा, “वे खुद को व्यंग्य की आड़ लेकर बचा रहे हैं। अपने कार्यालय से बाहर निकलिए, यहां आइए और उन लोगों का सामना करिए जिन्होंने अपना सबकुछ खो दिया है।”
एक अन्य ट्विटर यूजर ने लिखा, “यह व्यंग्य नहीं हो सकता। यह एक प्राकृतिक आपदा में अपनी जान गंवाने वालों के प्रति असम्मान है। मैं इससे बुरी तरह खिन्न हूं।”
उल्लेखनीय है कि शार्ली हेब्दो इससे पहले भी कई बार अपने कार्टूनों को लेकर विवादों में रही है और पत्रिका के कार्यालय पर इसी के चलते आतंकवादी हमला तक हो चुका है।
dharmpath.com dharmpath