न्यूयॉर्क, 4 सितम्बर (आईएएनएस)। विश्व की सर्वोच्च महिला युगल टेनिस खिलाड़ी भारत की सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना ने साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट अमेरिकी ओपन में शनिवार को अपने-अपने मुकाबले जीत तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया है।
लेकिन भारत के दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस स्विट्जरलैंड की अपनी जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस के साथ मिश्रित युगल वर्ग के दूसरे राउंड में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
पेस-हिंगिस की जोड़ी को अमेरिका की सातवीं वरीयता प्राप्त राजीव राम और कोको वांडेवेघे की जोड़ी ने 7(1)-6, 3-6, 13-11 से मात दी।
दोनों जोड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ। टाई ब्रेकर में पेस-हिंगिस की जोड़ी 8-4 से आगे थी, लेकिन इसके बाद यह जोड़ी अपने शानदार खेल को कायम नहीं रख पाई और हार गई।
इस हार के साथ ही पेस का अमेरिकी ओपन का सफर खत्म हो गया। वह शुक्रवार को ही पुरुष युगल वर्ग में भी हारकर बाहर हो चुके हैं।
महिला युगल वर्ग में सानिया को दूसरे दौर का मुकाबला जीतने में कोई परेशानी नहीं हुई। सानिया और उनकी चेक गणराज्य की जोड़ीदार बारबोरा स्ट्राइकोवा ने स्विस-अमेरिकी जोड़ी विक्टोरिया गोलुविक और निकोल मेरिचार को कोर्ट-5 पर खेले गए मुकाबले में 6-2, 7-6 (5) से शिकस्त दी।
इस जोड़ी को यह मुकाबला जीतने में एक घंटे 19 मिनट का समय लगा। तीसरे दौर में उनका मुकाबला निकोले गिब्स और नाओ हिबिनो से होगा।
भारत के सर्वोच्च वरीय पुरुष युगल खिलाड़ी बोपन्ना और उनके कनाडाई जोड़ीदार गाब्रिएल डाबरोव्स्की ने पोलैंड-चेक गणराज्य की जोड़ी लुकास कुबोट और आंद्रे हलावाकोवा को दूसरे दौर में 5-7, 6-3, 10-7 से मात दी।
इस जोड़ी को कोर्ट-6 पर खेले गए मुकाबले को जीतने में एक घंटे छह मिनट का समय लगा। भारत-कनाडा की जोड़ी का अगला मुकाबला गैरवरीयता प्राप्त जर्मनी-कोलंबिया की जोड़ी रॉबर्ट फराह और अन्ना लेना ग्रोनफील्ड से होगा।
जूनियर बालिका एकल वर्ग में भारत की युवा टेनिस प्रतिभा प्रांजला यादलापल्ली मुख्य दौर में प्रवेश करने में सफल रही हैं।
शनिवार को हुए दूसरे दौर के क्वालिफाइंग मैच में 12वीं वरीय यादलापल्ली ने अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी केविन पियरे लुईस को सीधे सेटों में 6-4, 6-4 से हराया।
यादलापल्ली को हालांकि अपनी अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी को मात देने के लिए एक घंटे 41 मिनट कड़ा संघर्ष करना पड़ा। यादलापल्ली ने पहला सेट 49 मिनट और दूसरा सेट 52 मिनट में अपने नाम किया।
यादलापल्ली अब पोलैंड की विक्टोरिया कुलिक के खिलाफ अमेरिकी ओपन के मुख्य दौर में अपने अभियान का आगाज करेंगी।
dharmpath.com dharmpath