काबुल में विस्फोट, 3 आतंकवादी मारे गए

काबुल, 6 सितम्बर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार को हुए लगातार दो विस्फोटों में कम से कम 30 लोग मारे गए और 90 से अधिक घायल हो गए। इसके बाद देर रात तीसरा विस्फोट हुआ, जो बहुत भीषण था।

‘खामा’ प्रेस के अनुसार, सुरक्षा सूत्रों ने कहा कि विस्फोट एक वाहन के जरिए किया गया, जो विस्फोटकों से लदा था। इसे शहर-ए-नॉ इलाके में उड़ा दिया गया।

‘बीबीसी’ की रपट के मुताबिक, तीन हमलावर मारे गए हैं। अभी तक किसी आतंकवादी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

‘टोलो’ न्यूज के अनुसार, आंतरिक मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि सोमवार को हुए विस्फोटों में एक चैरिटी होम पामलाराना को निशाना बनाए जाने का अंदेशा है।

मंत्रालय के प्रवक्ता सेदिक सिद्दिकी ने कहा कि इस तीसरे हमले में एक नागरिक की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया है।

उन्होंने बताया कि विस्फोट में इस संस्था को लक्षित किया गया था और हमलावर शहर-ए-नॉ में स्थित इमारत में घुसे थे।

एक सरकारी प्रवक्ता ने ‘बीबीसी’ को बताया कि इस हमले में छह अन्य घायल हुए हैं।

उन्होंने कहा, “अभियान के दौरान 10 विदेशियों समेत कम से कम 42 व्यक्तियों को बचा लिया गया।”

सूत्रों ने बताया कि मंगलवार तड़के भी रुक-रुक के गोलीबारी और विस्फोटों की आवाज सुनी गई। क्योंकि मध्य काबुल में स्थित एक इमारत में घुसे बंदूकधारियों के साथ सुरक्षा बलों की मुठभेड़ जारी थी।

समाचार एजेंसी ‘सिन्हुआ’ के अनुसार, शहर-ए-नॉ में सोमवार देर रात एक आतंकवादी ने इमारत में कार बम को घुसाकर उसे उड़ा दिया।

शहर के विभिन्न हिस्सों में यातायात अवरुद्ध कर दिया गया है और स्कूलों को बंद कर दिया गया है।

इससे पहले सोमवार को रक्षा मंत्रालय परिसर के पास हुए दोहरे विस्फोटों ने शहर को हिलाकर रख दिया, जिसमें कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में सबसे अधिक संख्या सुरक्षाकर्मियों की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493