पालेकेले टी-20 : मैक्सवेल की बदौलत आस्ट्रेलिया ने खड़ा किया सर्वोच्च स्कोर

पालेकेले, 6 सितम्बर (आईएएनएस)। ग्लैन मैक्सवेल (नाबाद 145) ने मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ पालेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में चल रहे अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैच में दूसरा सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बना अपनी टीम को खेल के इस प्रारूप के सर्वोच्च स्कोर तक पहुंचा दिया।

बल्लेबाजी का आमंत्रण मिलने पर आस्ट्रेलिया ने निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट खोकर 263 रन बनाए हैं। श्रीलंका को जीतने के लिए 264 रनों की आवश्यकता है।

यह टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले यह रिकार्ड श्रीलंका के नाम था। उसने 2007 में केन्या के खिलाफ जोहांसबर्ग में छह विकेट पर 260 रन बनाए थे।

65 गेंदों में नौ छक्के और 14 चौके की मदद से तूफानी पारी खेलने वाले मैक्सवेल हालांकि हमवतन एरॉन फिंच के सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर (156) को पार नहीं कर सके, लेकिन वह सलामी बल्लेबाज के तौर पर पहली पारी में सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज जरूर बन गए।

मैक्सवेल के अलावा ट्रेविस हेड ने अंतिम ओवरों में 18 गेंदों में 45 रन की पारी खेल आस्ट्रेलिया को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। तीन छक्के और आठ चौके लगाने वाले हेड पारी की अंतिम गेंद पर आउट हुए।

कप्तान डेविड वार्नर (28) के साथ पहली बार पारी की शुरुआत करने आए मैक्सेवल ने शुरू से ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। मैक्सवेल ने मेजबानों की खराब फील्डिंग और दिशाहीन गेंदबाजी का पूरा फायदा उठाया।

वार्नर और मैक्सवेल ने पहले विकेट के लिए 57 रन जोड़े। सचित्रा सेनानायके ने वार्नर को पवेलियन भेजा। इसके बाद उस्मान ख्वाजा (32) ने मैक्सवेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 97 रनों की साझेदारी की जिसमें अकेले मैक्सवेल ने 60 रन जोड़े। ख्वाजा 154 के कुल योग पर पवेलियन लौटे।

यहां से हेड ने मैक्सवेल का साथ संभाला और महज 6.4 ओवरों में 16.35 की औसत से 109 रन जोड़ते हुए टीम को विशालतम स्कोर प्रदान किया।

श्रीलंका की तरफ से सेनानायके, थिसारा परेरा और सचिथा पाथिराना ने एक-एक विकेट हासिल किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493