मानाउस (ब्राजील), 7 सितम्बर (आईएएनएस)। अपने स्टार स्ट्राइकर नेमार के शानदार खेल की बदौलत ब्राजील ने कोलंबिया को फीफा विश्व कप क्वालिफायर मैच में 2-1 से हरा दिया।
ब्राजील के लिए दोनों गोलों में नेमार की अहम भूमिका रही।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, नवनियुक्त कोच टिटे के आने के बाद ब्राजील ने दो मैच खेले हैं और दोनों में जीत हासिल की है। कोपा अमेरिका कप के बाद जून में पूर्व कोच डुंगा के स्थान पर टिटे को लाया गया।
पांच बार की विश्व विजेता ब्राजील के आठ मैचों में 15 अंक हैं और वह अंकतालिका में शीर्ष टीम उरुग्वे से एक अंक पीछे है।
ब्राजील की शुरुआत शानदार रही। डिफेंडर जोआओ मिरांडा ने मैच के दूसरे मिनट में ही गोल कर कोलंबिया को झटका दे दिया।
इसके बाद बराबरी को कोशिशों में लगी कोलंबिया के हाथ निराशा ही लगी। लेकिन मैच के 36वें मिनट में ब्राजील के माक्विन्हो ने आत्मघाती गोल कर कोलंबिया को 1-1 से बराबरी पर ला दिया। इसी स्कोर पर मध्यांतर हुआ।
मध्यांतर के बाद ब्राजील के कप्तान नेमार ने अपनी टीम के लिए 74वें मिनट में विजयी गोल दागा। दूसरे हाफ में विलियिन की जगह आए फिलिपे काउटिंहो ने नेमार का साथ दिया। फिलिपे ने नेमार को विपक्षी घेरे के अंदर शानदार पास दिया जिसे नेमार को सिर्फ दिशा देनी पड़ी।
विश्व कप क्वालिफायर के एक अन्य मैच में उरुग्वे ने पराग्वे को 4-0 से मात दी। उरुग्वे के लिए एडिंसन कावानी ने दो गोल किए। लुइस सुआरेज और क्रिस्टियन रोड्रिग्वेज ने भी उरुग्वे के लिए एक-एक गोल किए।
वहीं कप्तान लियोनेल मेसी के बिना खेल रही अर्जेटीनी टीम वेनेजुएला के खिलाफ दो गोल से पिछड़ने के बाद मैच ड्रॉ कराने में कामयाब रही।
dharmpath.com dharmpath