न्यूयार्क, 9 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका की दिग्गज महिला टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स को अमेरिकी ओपन के सेमीफाइनल मुकाबले में बड़े उलटफेर का शिकार होना पड़ा।
टूर्नामेंट में शुक्रवार को खेले गए महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में सेरेना को चेक गणराज्य की कैरोलीना प्लिस्कोवा के हाथों मात खानी पड़ी।
इस मुकाबले में सेरेना को विश्व की 11वीं वरीयता प्राप्त प्लिस्कोवा से 6-2 7-6 से सीधे सेटों से हार का सामना करना पड़ा।
इस हार से सेरेना की सर्वोच्च विश्व रैंकिंग भी छिन गई है, जिस पर वह 18 फरवरी, 2013 से काबिज थीं। सेरेना की जगह जर्मनी की एंजेलिक केर्बर विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गई हैं।
महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) की वेबसाइट ने गुरुवार को प्लिस्कोवा के हवाले से लिखा, “आप समझ सकते हैं कि खिताब जीतना, सेमीफाइनल में पहुंचना, फाइनल में पहुंचना हमेशा से मेरा सपना रहा है।”
उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह बड़ी बात है। मुझे उम्मीद है कि मैं यहां नहीं रूकूंगी। अभी एक और कदम बाकी है। मैं इस खिताब को जीतने के लिए कुछ भी करूंगी।”
प्लिस्कोवा ने कहा, “अगर मुझे यह खिताब नहीं भी मिलता है, फिर भी मेरे लिए यह बड़ी बात है। मैं यहां पहुंच कर काफी खुश हूं। मेरे पास फाइनल में खेलने का मौका है। यह हर बार नहीं होता कि आप सेरेना के खिलाफ न्यूयॉर्क के सेंटर कोर्ट में सेमीफाइनल खेलें। यह बार-बार नहीं होता कि आप ग्रैंड स्लैम का फाइनल खेलें।”
प्लिसकोवा पिछले 10 मैचों से अविजित हैं और करियर में पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर सकी हैं।
उन्होंने कहा, “इस मैच से पहले मेरा मन काफी शांत था। मैच से पहले मुझे थोड़ा दवाब महसूस हुआ था और मैं थोड़ा घबराई हुई भी थी। लेकिन मैंने जैसे ही कोर्ट पर कदम रखा मुझे कुछ भी अहसास नहीं हुआ। मैं सिर्फ जीतना चाहती थी।”
उन्होंने कहा, “मैं जानती थी कि अगर वह अपना सर्वश्रेष्ठ भी खेलती हैं तब भी मेरे पास मौका है। उन दो सेटों में हमेशा मौका रहता है। मैं पूरे मैच के दौरान शांत बनी रही। दूसरे सेट में कुछ दिक्कतें हुईं।”
उन्होंने कहा, “विश्व की नंबर-1 खिलाड़ी के सामने खेलना आसान नहीं होता। आप 6-2, 6-1 से नहीं जीत सकते। इसलिए मैं ऐसे किसी तरह के परिणाम की उम्मीद नहीं कर रही थी।”
सेरेना टाई ब्रेकर की शुरुआत में 0-3 से पिछड़ रही थीं, लेकिन उन्होंने जल्द ही अपने खेल को सुधारा और 3-3 से बराबरी कर ली। हालांकि, आखिर में वह मुकाबला हार गईं।
सेरेना को लगातार दूसरी बार अमेरिकी ओपन में हार का सामना करना पड़ा है।
सेरेना ने मैच के बाद कहा, “मेरे बाएं घुटने में गंभीर चोट है। मैं थकी नहीं थी। थकान का इससे कोई लेनादेना नहीं। अगर मैं थक जाऊंगी तो नया करियर चुन लूंगी।”
सेरेना ने कहा, “मेरे खयाल से प्लिस्कोवा पिछले कई वर्षो से अंतर्राष्ट्रीय टेनिस में सक्रिय हैं। उनके खाते में कुछ अच्छी जीत हैं और पिछले साल से वह काफी अच्छा खेल रही हैं। मेरा मानना है कि यह उनका साल है, कम से कम इस टूर्नामेंट में तो।”
dharmpath.com dharmpath