वाशिंगटन, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। स्पेसएक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्क ने पिछले हफ्ते लांचपैड पर हुई दुर्घटना के बारे में कहा है कि यह कंपनी के 14 साल के इतिहास में ‘सबसे कठिन और जटिल नाकामी’ है। उन्होंने जारी जांच में लोगों से सहयोग की अपील की। इस दुर्घटना में एक रॉकेट और एक संचार उपग्रह नष्ट हो गया था।
मस्क ने एक हफ्ते की चुप्पी के बाद शुक्रवार को ट्वीट कर कहा, “फॉल्कन फायरवॉल की जांच का काम जारी है। यह हमारे 14 साल के इतिहास की सबसे कठिन और जटिल नाकामी है।”
स्पेसएक्स का फॉल्कन 9 रॉकेट में एक सितंबर को फ्लोरिडा के केप कानावेरल में लांचिंग से पहले परीक्षण के दौरान विस्फोट हो गया था, जिसमें इस रॉकेट के साथ ही फेसबुक का संचार उपग्रह भी तबाह हो गया था। फेसबुक ने इस उपग्रह के जरिए अफ्रीका के सूदूर गांवों में इंटरनेट पहुंचाने की योजना बनाई थी। इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था।
फेसबुक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क जुकरबर्ग ने एक बयान में निराशा व्यक्त की, लेकिन कहा कि वह अपने ‘हर किसी को जोड़ने’ के मिशन को पूरा करने के लिए दोबारा मजबूती से वापस आएंगे।
मस्क ने लोगों से अपील की, “पिछले हफ्ते हुई हमारी विसंगति की अगर आपके पास कोई ऑडियो, फोटो या वीडियो है तो कृपया उसे रिपोर्ट एट स्पेस एक्स डॉट पर भेजें। ये सामग्री जांच के लिए उपयोगी हो सकती है।”
मस्क ने इस दुर्घटना की जांच के कुछ विवरण साझा करते हुए कहा कि दुर्घटना ईंधन भरने के दौरान हुआ।
स्पेसएक्स की स्थापना मस्क ने 2002 में थी और यह कंपनी अमेरिकी वाणिज्यिक अंतरिक्ष उद्योग का चेहरा है। अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा भी माल ढुलाई के लिए इस कंपनी की सेवाएं लेती है। यहां तक कि नासा ने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र में अमेरिकी अंतरिक्ष यात्रियों के भेजने के लिए स्पेसएक्स की सेवाएं ली है।
dharmpath.com dharmpath