नई दिल्ली, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। आगामी फिल्म ‘पिंक’ में महानायक अमिताभ बच्चन के साथ काम करने वाली अभिनेत्री तापसी पन्नू का कहना है कि इस फिल्म में दर्शकों को उनका दूसरा रूप देखने मिलेगा। यह फिल्म बॉलीवुड में उनके करियर को एक नया आकार देगी।
उन्होंने आईएएनएस को बताया, “बेशक। लोग दुबारा मुझे एक नए अवतार में देखेंगे। उन्हें मेरा दूसरा रूप देखने को मिलेगा। ‘पिंक’ मेरे करियर को नया आकार देगी।”
साल 2013 में फिल्म ‘चश्मेबद्दूर’ के जरिए बॉलीवुड में कदम रखने वाली तापसी को नहीं लगता कि कोई एक विशेष फिल्म उनके बॉलीवुड करियर को परिभाषित कर सकती है। यह सिर्फ उसे एक नया आकार दे सकती है।
अनिरुद्ध चौधरी द्वारा निर्देशित थ्रिलर फिल्म ‘पिंक’ दिल्ली की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म शहरों में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराध पर रोशनी डालती है। अमिताभ बच्चन वकील की भूमिका में हैं।
शुजित सरकार द्वारा सह-निर्मित यह फिल्म 16 सितम्बर को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।
dharmpath.com dharmpath