राइट्स लिमिटेड की आय में 11 प्रतिशत वृद्धि

नई दिल्ली, 16 सितंबर (आईएएनएस)। रेल मंत्रालय के अधीन मिनी रत्न कंपनी राइट्स लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2015-16 में 1294 करोड़ रुपये की कुल आय अर्जित की है, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 11 प्रतिशत अधिक है। इसने कर के बाद 339 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है, जबकि पिछले वर्ष में यह आय 306 करोड़ रुपये रही थी।

कंपनी की 42वीं वार्षिक आम बैठक में राइट्स के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक राजीव मेहरोत्रा ने कहा कि राइट्स ने यह परिणाम घरेलू और विदेशी परामर्श कंपनियों से कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद हासिल किए हैं। कंपनी ने कड़े मुकाबले के बावजूद परिवहन और बुनियादी ढांचा क्षेत्र में अपनी स्थिति लगातार बरकरार रखी है।

मेहरोत्रा ने कहा कि व्यापार में प्रगति और उत्कृष्ट वित्तीय परिणामों के कारण कंपनी इस वर्ष 136 करोड़ रुपये लाभांश का भुगतान कर रही है, जो कंपनी की पेड-अप शेयर पूंजी का 136 प्रतिशत है। किसी कंपनी द्वारा अभी तक भुगतान किया यह सबसे अधिक लाभांश है। कंपनी ने मौजूदा शेयरधारकों को प्रत्येक दो शेयरों के लिए एक शेयर के अनुपात में बोनस शेयर जारी करने की भी घोषणा की है।

रेलवे बोर्ड के रोलिंग स्टॉक सदस्य हेमंत कुमार विशेष रूप से इस अवसर पर उपस्थित थे।

मेहरोत्रा ने कहा कि वर्ष के दौरान कंपनी की एक मुख्य उपलब्धि बांग्लादेश रेलवे के लिए ब्रॉड गेज आधुनिक यात्री डिब्बों का निर्यात रहा है। कंपनी को पिछले वर्ष 120 ब्रॉड गेज डिब्बों के निर्यात का आदेश प्राप्त हुआ था। राइट्स ने म्यांमार रेलवे से 18 एमजी डीजल विद्युत इंजनों की आपूर्ति के लिए एक अनुबंध हासिल किया था।

भारत में राइट्स ने अभी हाल में रेलवे मंत्रालय से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर डिवीजन के पेंड्रा रोड-अनूप्पुर खंड में तीसरी लाइन तथा दक्षिण मध्य रेलवे के गुट्टी-धर्मावरम के दो प्रमुख परियोजनाएं हासिल की है। राइट्स डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, मेट्रो, उच्च गति रेल अध्ययनों, लॉजिस्टिक्स पार्को, रेल बुनियादी ढांचे और हरित ऊर्जा जैसी बड़ी परिवहन परियोजना में भी शामिल है।

रेलवे और अन्य बुनियादी ढांचा क्षेत्रों में निवेश के सकारात्मक परिदृश्य के कारण कंपनी को आने वाले वर्षो में उच्च विकास की उम्मीद है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493