हैकरों ने फिर लीक किए हैक किए दस्तावेज : वाडा

मांट्रियल, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) ने इस बात की पुष्टि की है कि उनका डाटाबेस हैक करने वाले रूसी हैकरों के समूह ‘फैंसी बीयर्स’ ने अपनी वेबसाइट पर फिर से चोरी की गईं नई जानकारियां लीक की हैं।

गौरतलब है कि रूसी हैकरों ने रियो ओलम्पिक के लिए बनाए गए वाडा की डोपिंग रोधी प्रशासन एवं प्रबंधन प्रणाली के अकाउंट से ये डाटाबेस हैक किए।

वाडा ने शुक्रवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा, “इसे देखते हुए, वाडा के साझेदारों को सूचित किया जाता है कि वाडा ने सलाह-मशविरा करने के बाद तथा खुफिया सूचनाओं और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कानून के सर्वोच्च विशेषज्ञों से मिले सुझावों के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है, जिसमें साइबर सुरक्षा के शीर्ष विशेषज्ञों को भी शामिल किया गया है ताकि एडीएएमएस की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।”

समाचार एजेंसी तास के मुताबिक शुक्रवार को इससे पहले हैकरों ने वाडा द्वारा उपचार के लिए प्रतिबंधित औषधि के सेवन की इजाजत पाने वाले पांच देशों के 11 अन्य खिलाड़ियों के नाम भी उजागर कर दिए।

इनमें ब्रिटेन के चार खिलाड़ी लंदन ओलम्पिक की स्वर्ण पदक विजेता महिला मुक्केबाज निकोला एडम्स, लंदन ओलम्पिक साइकिलिंग चैम्पियन लौरा ट्रॉट, ओलम्पिक रजत विजेता तैराक सिओभान मैरी ओ कॉनर और रोइंग में रजत जीतने वाली ओलीविया कार्नेगी ब्राउन, डेनमार्क के कांस्य पदक विजेता तैराक जेनेट ओटेनसेन, आस्ट्रेलिया के तीन खिलाड़ी ओलम्पिक स्वर्ण विजेता रोवर किम ब्रेनान, रोइंग में ही रजत जीतने वाले एलेक्जेंडर बेलोनोगोव और साइकिल चालक जैक बोड्रिज, स्पेन के स्वर्ण पदक विजेता माइरीया बेलमोंट गार्सिया, जर्मनी के निशानेबाज जुलियान जुस्टुस और टेनिस खिलाड़ी लौरा सीगमंड शामिल हैं।

इससे पहले हैकरों ने वाडा के डाटाबेस का हवाला देते हुए आठ देशों के उन 25 खिलाड़ियों के नाम उजागर किए थे, जिन्हें रियो ओलम्पिक में वाडा ने उपचार के तहत प्रतिबंधित दवा लेने की छूट दी गई थी।

इनमें से 14 खिलाड़ी पदक जीतने में सफल रहे और उसमें रूस के सिर्फ एक खिलाड़ी मुक्केबाज मिशा आलोयान शामिल थे। हैकरों ने ताजा लीक में कहा है कि वाडा द्वारा 21 अगस्त को लिए गए मिशा के नमूने में प्रतिबंधित दवा के अंश पाए गए।

हैकरों ने 13 सितंबर को वाडा का अकाउंट हैक कर गोपनीय दस्तावेज चुराए और उनमें से कुछ जानकारियां लीक कर दीं।

लीक दस्तावेजों के अनुसार, अमेरिका की टेनिस दिग्गज सेरेना विलियम्स और विनस विलियम्स, रियो में चार स्वर्ण जीतने वाली जिम्नास्ट सिमोन बाइल्स और बास्केटबॉल खिलाड़ी एलेना डेल्ले डोन्ने को वाडा ने उपचार हेतु प्रतिबंधित दवाओं के सेवन की इजाजत दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493