महेश शर्मा को ऑस्ट्रेलिया में 3 प्राचीन कलाकृतियां सौंपी गईं

कैनबरा, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. महेश शर्मा को ऑस्ट्रेलिया में तीन प्राचीन कलाकृतियां सौंपी गईं। शर्मा यहां नेशनल गैलरी ऑफ ऑस्ट्रेलिया (एनजीए) में आयोजित एक विशेष समारोह में शामिल हुए।

सीनेटर मिच फीफिल्ड ने समारोह में शर्मा को भारत से चुराई और तस्करी के जरिए लाई गईं तथा अनजाने में ऑस्ट्रेलिया की नेशनल गैलरी द्वारा हासिल की गईं तीन प्राचीन कलाकृतियां औपचारिक रूप से सौंपी। इन कलाकृतियों में बैठे हुए बुद्ध, देवी प्रत्यांगिरा और बुद्ध के भक्तों की मुद्रा दर्शाई गई हैं।

इससे पहले सितंबर, 2014 में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने अपनी भारत यात्रा के दौरान ‘शिव की नृत्य मुद्रा’ की प्रतिमा लौटाई थी।

इस मौके पर शर्मा ने कहा, “इन प्राचीन कलाकृतियों को लौटाने के प्रशंसनीय कार्य के लिए हम ऑस्ट्रेलिया की सरकार और प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल तथा मंत्री मिच फीफिल्ड का आभार व्यक्त करते हैं। उनके इस कार्य से दोनों देशों के मध्य संबंधों को मजबूत बनाने में एक बड़ा संदेश जाएगा।”

इस अवसर पर मिच फीफिल्ड ने कहा कि यह नेशनल गैलरी ऑफ ऑस्ट्रेलिया का एक नैतिक प्रदर्शन है। उन्होंने कहा कि यह एक प्रक्रिया है, जिसमें भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई सरकारें दोनों देशों के मध्य द्विपक्षीय संबंधों की गुणवत्ता और मजबूत संबंधों के लिए मिलकर काम करने का प्रमाण दर्शाती हैं।

भारतीय उच्चायुक्त नवदीप सूरी और नेशनल गैलरी ऑफ ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष अधिकारियों ने भी इस समारोह में भाग लिया।

शर्मा ने दोपहर बाद ऑस्ट्रेलिया के सहायक व्यापार, पर्यटन और निवेश मंत्री कीथ पिट से मुलाकात की और उनके साथ आपसी हितों के विभिन्न द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत की।

शर्मा 18 से 20 सितंबर तक ऑस्ट्रेलिया की सरकारी यात्रा पर हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493