जूनियर निशानेबाजी विश्व कप : भारत ने जीते 6 और पदक, शीर्ष पर कायम

गबाला (अजरबैजान), 19 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत ने अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) जूनियर विश्व कप में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए दूसरे दिन सोमवार को छह पदक और जीत लिए।

इन छह पदकों में भारत को एक स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक हासिल हुए हैं।

पहले दिन रविवार को भारत ने सात पदक अपने नाम किए थे, जिसमें तीन स्वर्ण पदक शामिल थे। भारत इस समय अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। दूसरे स्थान पर रूस है।

भारत को दिन का इकलौता स्वर्ण पदक महिलाओं की 10 मीटर एअर पिस्टल स्पर्धा में मिला। यशस्विनी सिंह देसवाल, मलायका गोयल और हर्षदा निथावे की टीम ने इस स्पर्धा में कुल 1122 अंक हासिल करते हुए स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा में 1104 के कुल स्कोर के साथ तुर्की दूसरे और 1086 के कुल स्कोर के साथ उजबेकिस्तान तीसरे स्थान पर रहा।

भारत ने दिन की शुरुआत रजत पदक के साथ की। पुरुषों की 10 मीटर एअर पिस्टल टीम स्पर्धा में भारत के गौरव राणा, हेमेंद्र कुशवाह और सौरभ चौधरी ने दूसरे स्थान पर रहते हुए दिन की अच्छी शुरुआत की।

अनमोल ने पुरुष 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में रजत पदक अपने नाम किया। भारत के तीन खिलाड़ियों ने इस स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश किया था। रूस के अर्टेम चेरनोसोव ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

हेमेंद्र को सातवां और जबकि गौरव को आठवां स्थान हासिल हुआ।

महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन स्पर्धा में भारत की गायत्री नित्यानंदम और दिलरीन गिल ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

गायत्री ने इससे पहले टीम स्पर्धा में सोनिका और अदिती सिंह के साथ मिलकर कांस्य पदक जीता था। फाइनल में गायत्री को कांस्य से ही संतोष करना पड़ा। रूस की ओल्गा इफिमोवा और चेकगणराज्य की निकोला फोइस्टोवा ने क्रमश: स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम किया।

महिलाओं की 10 मीटर एअर पिस्टल स्पर्धा में तीन भारतीय खिलाड़ियों ने जगह बनाई, और स्वर्ण पदक जीतने में कामयाबी हासिल की।

एकल स्पर्धा के फाइनल में मलायका आठ शॉट तक चौथे, यश्स्वनी पांचवें और हर्षदा छठें स्थान पर चल रहीं थीं।

11 शॉट के बाद हर्षदा को चौथा स्थान हासिल हुआ। वहीं यशस्विनी और मलायका को क्रमश: छठां और सातवां स्थान मिला।

दिन का आखिरी पदक पुरुषों की स्कीट टीम स्पर्धा से आया। भारत के अनंतजीत सिंह नरुका, सुखबीर सिंह हरिका और हमजा शेख की टीम ने भारत की झोली में कांस्य पदक डाला। रूस को इस स्पर्धा में स्वर्ण और चीन को रजत पदक मिला।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493