एएफसी कप : आर-पार का मैच खेलने उतरेगी भारतीय जूनियर टीम

मडगांव, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय अंडर-16 फुटबाल टीम के कोच निकोलाई एडम ने उम्मीद जताई है कि एशियन फुटबाल परिसंघ (एएफसी) कप यू-16 में उनकी टीम ईरान के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करेगी।

ग्रुप-ए में तीसरे स्थान पर मौजूद भारत को अगले दौर में प्रवेश हासिल करने के लिए बुधवार को शीर्ष एशियाई टीम के खिलाफ जीत एकमात्र विकल्प है।

भारत दो मैचों से जहां सिर्फ एक अंक हासिल कर सका है, वहीं ईरान दो मैचों से चार अंक हासिल कर ग्रुप में शीर्ष पर है।

प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें अगले दौर में प्रवेश करेंगी और ईरान के खिलाफ जीत ही भारत को नॉकआउड में प्रवेश दिला सकेगी।

भारत को संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ पहले ग्रुप मैच में 2-3 से हार झेलनी पड़ी, जबकि सऊदी अरब के खिलाफ दूसरा मैच ड्रॉ रहा।

भारत यदि बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में ईरान को हराने में कामयाब होता है तो 2002 के बाद दूसरी बार वह एएफसी कप यू-16 के नॉकआउट चरण में प्रवेश करेगा।

एएफसी की आधिकारिक वेबसाइट पर एडम के हवाले से कहा गया, “ईरान के खिलाफ यह मैच बेहद कठिन होने वाला है, लेकिन हम अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे। इस टूर्नामेंट में कई उलटफेर हुए हैं। ईमानदारी से कहूं तो मेरा मानना है कि हम जीत सकते हैं। अगर आप इसकी कल्पना करते हैं इसके सपने देखते हैं तो आप इसे साकार भी कर सकते हैं और इसी भावना के साथ मैदान में उतरेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493