संयुक्त राष्ट्र, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा मे ने आतंकवाद के कारणों व लक्षणों से निपटने के लिए व्यापक राष्ट्रीय कार्य योजना बनाने का आह्वान वैश्विक समुदाय से किया।
संयुक्त राष्ट्र की वार्षिक उच्चस्तरीय बहस में मे ने कहा कि विश्व आतंकवाद का खतरा झेल रहा है, जो केवल एक देश से नहीं आता, बल्कि विभिन्न जगहों पर अस्तित्व में है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मे ने कहा, “ये आतंकी संगठन हमारे अपने बैंकिंग नेटवर्क का इस्तेमाल हमलोगों के खिलाफ कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “इसलिए उनसे आगे रहने के लिए हमें हमारे विनियमों, हमारी सूचनाओं की साझेदारी और हमारी प्रौद्योगिकी क्षमता पर ध्यान देना चाहिए।”
ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने कहा, “वे विचारधाराओं को फलाने और दुनियाभर में अपने उद्देश्य के लिए लोगों की भर्ती करने के लिए इंटरनेट और सोशल मीडिया का जमकर दोहन करते हैं। इसलिए हमें निपटने की जरूरत है।”
प्रवासन के मुद्दे पर मे ने कहा कि विश्व समुदाय को अंतर्राष्ट्रीय प्रवास को लेकर एक प्रबंधित और नियंत्रित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “बेहतर जिंदगी के लिए प्रवास में कोई बुराई नहीं है। लेकिन नियंत्रित व वैधानिक होनी चाहिए।”
संयुक्त राष्ट्र महासभा के 71वें सत्र में भाग लेने के लिए विश्व के 140 देशों के नेता न्यूयॉर्क में एकत्रित हैं। महासभा का सत्र 26 सितम्बर तक चलेगा।
इस साल संयुक्त राष्ट्र महासभा के लिए थीम है “सतत विकास के लक्ष्य : विश्व के कयाकल्प के लिए व्यापक प्रोत्साहन।”
dharmpath.com dharmpath