भारतीय टीम में है विश्व की शीर्ष टीम बनने की क्षमता : कंोहली (लीड-1)

कानपुर, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में अपना 500वां टेस्ट मैच खेलने जा रही भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली का कहना है कि उनकी टीम में आगामी घरेलू श्रृंखला में न्यूजीलैंड को हराकर खेल के इस प्रारूप में शीर्ष टीम बनने की क्षमता है।

भारत गुरुवार से ग्रीनपार्क स्टेडियम में कीवी टीम के साथ तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला का पहला मैच खेलने जा रहा है।

मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में कोहली ने कहा कि भारतीय टीम में वह सभी काबिलियत हैं जो विश्व की शीर्ष टीम में होनी चाहिए।

उन्होंने कहा, “अधिकतर, अगर आप निडर होते हैं तो परिणाम आपके पक्ष में होते हैं क्योंकि आप खेल के दौरान अतिरिक्त जोखिम लेने को तैयार होते हैं। हम मानते हैं कि हमारे पास वह काबिलियत है जो विश्व की सर्वश्रेष्ठ टीम में होनी चाहिए।”

उन्होंने कहा, “हमें एक क्षेत्र में काम करना है वो है अपने आप पर विश्वास करना। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में आ रहे कई युवा खिलाड़ियों में इस बात की कमी हो सकती है। मैं अगले मैच में खेलूंगा या नहीं, मेरा स्थान टीम में सुरक्षित है या नहीं, इस तरह की कई शंकाएं उनके मन में होती हैं। आपको इन सबसे छुटकारा पाना होगा। जब आप मैदान पर उतरें तो आपको अपने आप से कहना होगा कि भारत के टेस्ट क्रिकेट में आठ-दस साल के लिए यह जगह मेरी है।”

कोहली ने कहा कि टीम को तकनीक और फिटनेस में सुधार करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, “हमें यह जानने की जरूरत है कि एक ही समय सकारात्मक और मजबूत कैसे रहा जाता है। अगर कोई अच्छी गेंदबाजी कर रहा है तो आपको उसे सम्मान देना होगा, लेकिन इतना नहीं की आप दबाव में आ जाएं। आपको ज्यादा रक्षात्मक होने की जरूरत नहीं है। आपको गेंदबाज का सम्मान करने और उस पर दबाव डालने को लेकर संतुलन बनाना होगा।”

उन्होंने कहा, “इसलिए हम हमारी फिटनेस पर काम कर रहे हैं ताकि हमारा शरीर समझ सके की हम क्या चाहते हैं। एक या दो दिन बल्लेबाजी करने के लिए आपको फिट होना जरूरी है। हम इसी पर मेहनत कर रहे हैं।”

कोहली ने साथ ही ग्रीनपार्क से जुड़े पुराने पलों को याद किया। कोहली ने कहा कि यहां आकर पुराने दौर का अहसास होता है और यह बहुत सुखद लगता है, क्योंकि यहां ज्यादा कुछ नहीं बदला है। उन्होंने कहा कि 500वें टेस्ट का अलग ही अहसास है। कोच अनिल कुंबले खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा रहे हैं और हमारे खिलाड़ी भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

कोहली ने कहा, पूरी टीम बहुत उत्साहित है और सभी अच्छी फॉर्म में हैं। हम विरोधी टीम को रास्ता देने के बजाय चैम्पियन की तरह खेलेंगे और जीतेंगे।”

विराट ने कहा कि इस मैच में ईशांत शर्मा का न खेलना नए गेंदबाजों के लिए अच्छा मौका है, वे खुद को साबित कर सकते हैं। विराट ने कहा कि ग्रीनपार्क में हालात का आकलन कर रहे हैं। गुरुवार सुबह ही बताएंगे कि चार गेदबाज खेलेंगे या पांच। उन्होंने कहा कि पिच के बारे में हो रही कई तरह बातों के हम आदी हैं। इसकी चिंता नहीं है। हमारा ध्यान खेल पर है।

स्पिनर के सवाल पर उन्होंने कहा, अब सभी देशों के पास अच्छे और चतुर स्पिनर हैं, बल्लेबाजों ने भी उनको खेलने की तैयारी की है। वे (न्यूजीलैंड के खिलाड़ी) खेल का पूरा आनंद लेते हैं और खेल भावना से खेलते हैं। इसलिए हम उनका सम्मान करते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493