ब्रिटिश कंपनी और कलम मीडिया करेगी 10 करोड़ डॉलर का निवेश

जकार्ता/नई दिल्ली, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। ब्रिटेन के कारोबारी समूह एसराम एंड एमराम लिमिटेड ने भारत में मीडिया और मनोरंजन उद्योग की स्टार्टअप कंपनी शुरू करने के लिए कलम मीडिया के साथ हाथ मिलाया है। इस संयुक्त उद्यम में 10 करोड़ डॉलर यानी 670 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।

एसराम ऐंड एमराम कलम मीडिया प्राइवेट लिमिटेड नामक इस संयुक्त उद्यम कंपनी का मुख्यालय भारत में होगा। यह कंपनी देश भर से मीडिया और मनोरंजन जगत की सामग्री जुटाएगी और उसे अपने वैश्विक नेटवर्क के जरिए अमेरिका, यूरोप, सुदूर पूर्व और ऑस्ट्रेलिया तक पहुंचाएगी। एसराम एंड एमराम लिमिटेड (यूके) यह पूंजी तीन वर्षों के दौरान तीन चरणों में निवेश करेगी।

एसराम एंड एमराम लिमिटेड (यूके) के चेयरमैन शैलेश हीरानंदानी ने कहा, “हमारा समूह वैश्विक स्तर पर मीडिया और मनोरंजन के क्षेत्र में अपना विस्तार करने जा रहा है। इस सिलसिले में सबसे पहले एसकेवी मूवी एंटरटेनमेंट के जरिए इंडोनेशिया में एक फिल्म का निर्माण किया जाएगा। मेरा मानना है कि मेड इन इंडिया यानी भारत में निर्मित विषयवस्तु को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाकर यह मेक इन इंडिया पहल में हमारा योगदान होगा।”

उन्होंने आगे कहा, “हम कलम मीडिया के साथ साझेदारी करके प्रसन्न हैं। कलम मीडिया की विशेषज्ञता और सोच इस संयुक्त उद्यम को वैश्विक बाजार के अनुकूल कंटेंट तैयार करने में मददगार साबित होगी।”

एसराम एंड एमराम लिमिटेड (यूके) और कलम मीडिया के बीच इस संयुक्त उद्यम पर शुक्रवार को जकार्ता में हस्ताक्षर हुए।

कलम मीडिया के चेयरमैन आशुतोष सिंह ने कहा, “हम एसराम एंड एमराम लिमिटेड (यूके) के साथ इस विशिष्ट पहल के साझेदार बनकर उत्साहित हैं। हम इसके जरिए भारतीय कंटेंट के वैश्विक बाजार को पूरी तरह बदल देने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। आज दुनिया भर में भारतीय मनोरंजन और कंटेंट सॉफ्टवेयर की खासी मांग है।”

सिंह ने आगे कहा कि हिंदी और अंग्रेजी की सामग्री प्रमुख रहेगी लेकिन इसके अलावा कंपनी जिला स्तर पर जाकर उस कंटेंट को भी सामने लाएगी जो अब तक अछूता है। इससे क्षेत्रीय कंटेंट निर्माण को भी बढ़ावा मिलेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493