अमेरिका : शारलोट में कर्फ्यू हटा, प्रदर्शन जारी

वाशिंगटन, 26 सितम्बर (आईएएनएस)। प्रशासन ने हिंसाग्रस्त अमेरिकी शहर शारलोट में कर्फ्यू हटा लिया है। लेकिन, शहर में लगातार छठे दिन भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा।

पुलिस की गोलीबारी में अश्वेत की मौत के विरोध में शहर में प्रदर्शन हो रहे हैं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, मेयर जेनिफर रॉबर्ट्स और बोर्ड ऑफ काउंटी कमीशनर्स के अध्यक्ष ट्रेवर फुलर ने तत्काल प्रभाव से कर्फ्यू हटाने का आदेश दिया है। पुलिस की गोली से अफ्रीकी मूल के अमेरिकी कीथ लेमंट स्कॉट की मौत के बाद दो दिनों तक हिंसक प्रदर्शन के बाद 22 सितम्बर को शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया था।

प्रशासन का कहना है कि एक अश्वेत पुलिस अधिकारी ने स्कॉट को तब गोली मार दी, जब वह बंदूक से धमकी दे रहा था। लेकिन, उसके परिवार का कहना है कि वह एक किताब पढ़ रह था और उसके पास बंदूक नहीं थी।

गोलीबारी के तुरंत बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया जो जल्द ही नस्ली भेदभाव और अफ्रीकी मूल के अमेरिकियों पर पुलिस के अन्याय के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन में तब्दील हो गया।

जनता के दबाव में शारलोट पुलिस ने शनिवार को पुलिस के दो वीडियो जारी किए, जिनमें स्कॉट बंदूक से निशाना साधते या अधिकारियों को धमकाते नहीं दिखाई दे रहा है।

पिछले कुछ दिनों में दस से भी अधिक पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं और 44 दंगाइयों को हिरासत में लिया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493