तीखी बहस में ट्रंप पर भारी पड़ीं हिलेरी (राउंडअप)

न्यूयार्क, 27 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया के तहत आमने-सामने की अपनी पहली बहस में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन ने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप को पछाड़ दिया।

दोनों के बीच रोजगार में कटौती, करों में कटौती, आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) का प्रसार और नस्लवाद के मुद्दे पर तीखी बहस हुई।

‘एनबीसी’ न्यूज के लेस्टर होल्ट ने सोमवार रात को होस्फट्रा विश्वविद्यालय में इस 90 मिनट की बहस की मेजबानी की।

हिलेरी सुर्ख लाल रंग के पैंट सूट में बहुत ही आक्रामक दिख रही थीं। उन्होंने शुरुआत ‘आप कैसे हैं डोनाल्ड’ पूछकर की। ट्रंप काले रंग के सूट और कोबाल्ट नीले रंग की टाई में थे।

सीएनएन/ओआरसी पोल के मुताबिक, न्यूयार्क के होफस्ट्रा विश्वविद्यालय में सोमवार रात हुई बहस में दर्शकों ने हिलेरी को 62 फीसदी और डोनाल्ड ट्रंप को 27 फीसदी मत दिया।

बहस तीन मुख्य मुद्दों पर केंद्रित रही। पहला, अमेरिका की दिशा क्या हो? दूसरा, समृद्धि कैसे हासिल हो और तीसरा मुद्दा अमेरिका की सुरक्षा था। बहस 15-15 मिनट के छह सेगमेंट में हुई। होल्ट द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर का दो मिनट में जवाब देना था। बाकी समय में उम्मीदवारों को बहस करनी थी।

पहला सवाल अमेरिकी नागरिकों की जेब में पैसा वापस लाने और रोजगारों के सृजन का था। इसके जवाब में हिलेरी ने ‘सभी के लिए अर्थव्यवस्था’ पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वह पुरुषों व महिलाओं के लिए समान वेतन के लिए काम करेंगी।

राष्ट्रपति पद के लिए देश की पहली महिला उम्मीदवार हिलेरी ने कहा कि उनकी आर्थिक योजना एक करोड़ रोजगारों का सृजन करेगी जबकि ट्रंप की योजना से देश को 35 लाख रोजगार के खत्म होने की चपत लगेगी।

हिलेरी ने महिलाओं और पुरुषों के लिए समान वेतन, भुगतान के साथ मातृत्व अवकाश और कर्ज मुक्त कॉलेज पर जोर दिया।

हिलेरी ने ट्रंप पर 2008 में आर्थिक संकट से लाभ उठाने का आरोप लगाया। ट्रंप ने नकारते हुए उसे ‘कारोबार’ कहा।

ट्रंप ने कहा कि चीन और मैक्सिको अमेरिकी नागरिकों की नौकरियां और कारोबार हड़प रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमें हमारे रोजगारों को छीने जाने से रोकना होगा। कंपनियों को अमेरिका छोड़कर जाने से रोकना होगा।”

ट्रंप ने दोहराया कि वह उत्तरी अमेरिकी मुक्त व्यापार समझौता (एनएएफटीए) जैसे ‘बुरे व्यापारिक समझौतों’ को समाप्त करेंगे या उनकी रूपरेखा दोबारा तैयार करेंगे।

यह बहस उस वक्त तीखे मोड़ पर पहुंच गई जब हिलेरी ने ट्रंप से पूछा कि वह अपनी आयकर की जानकारियां साझा क्यों नहीं करते?

हिलेरी ने कहा, “हो सकता है कि वह उतने अमीर नहीं हों, जितना वह कहते हैं। हो सकता है कि वह उतना दान-पुण्य नहीं करते हों, जितना वह दावा करते हैं। या, फिर यह हो सकता है कि वह अमेरिकी नागरिकों के समक्ष यह प्रकट नहीं करना चाहते हों कि उन्होंने संघीय करों का भुगतान नहीं किया है।”

इस पर ट्रंप ने कहा कि जब हिलेरी अपने निजी ईमेल सर्वर से हटाए गए 33,000 ईमेल की जानकारियां सार्वजनिक कर देंगी तो वह भी अपने आयकर की जानकारियां साझा कर देंगे। ये ईमेल 2009 से 2013 के बीच हिलेरी के विदेश मंत्री रहने के दौरान के थे।

बहस के दौरन हिलेरी ने माना कि निजी सर्वर का इस्तेमाल करना ‘गलती’ थी।

नस्लीय मुद्दों और अपराधों पर चर्चा के दौरान हिलेरी ने कहा कि पुलिस का स्थानीय लोगों के साथ मिलकर काम करना जरूरी है, ताकि उनमें विश्वास बहाल हो सके। ट्रंप ने हिलेरी पर आरोप लगाया कि हिलेरी ‘कानून और व्यवस्था’ शब्द से बच रही हैं। उन्होंने शहरों के अंदरूनी इलाकों की हालत पर दुख जताया और कहा कि अफ्रीकी-अमेरिकी और हिस्पैनितक मूल के अमेरिकी नारकीय जीवन जी रहे हैं।

ट्रंप ने हिलेरी की शारीरिक स्वास्थ्य क्षमता (स्टैमिना) पर सवाल उठाया। जवाब में हिलेरी ने कहा कि विदेश मंत्री रहने के दौरान उन्होंने 112 मुल्कों की यात्रा की थी।

ट्रंप ने हिलेरी पर इस्लामिक स्टेट (आईएस) को खड़ा करने का आरोप लगाया।

दर्शकों में दोनों नेताओं के परिजन मौजूद थे। हिलेरी के पति एवं पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और ट्रंप की पत्नी मेलानिया ने हाथ मिलाया।

यह देश में राष्ट्रपति चुनाव के दौरान 20वीं प्रेसिडेंशियल डिबेट रही। इससे पहले की बहसें अलग-अलग पार्टियों के अपने राष्ट्रपति पद के दावेदारों के बीच हुई थीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493