नई दिल्ली, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। हीरो महिला पेशेवर गोल्फ टूर के 14वें चरण के दूसरे दिन बुधवार को अमनदीप द्राल ने शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
दिल्ली गोल्फ क्लब में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट के दूसरे दिन अमनदीप ने वन अंडर 71 का स्कोर किया।
पहले दिन शीर्ष स्थान पर रहने वाली सिद्धी कपूर आज पहले जैसा खेल नहीं दिखा सकी और दूसरे स्थान पर रहीं। उनका कुल स्कोर 147 है।
अमनदीप ने अच्छी शुरुआत की और पहले नौ होल में एक भी बोगी नहीं लगाई। हालांकि, वह तीसरे होल में बर्डी लगाने में सफल रहीं।
मध्यांतर के बाद उन्होंने 17वें होल में भी बर्डी लगाई। दूसरे दिन की समाप्ति के बाद उनका कुल स्कोर 146 रहा।
कोलकाता की सिद्धी को दूसरे दिन थोड़ा संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने दूसरे दिन पांच ओवर 77 का स्कोर किया और दूसरे दिन चार बोगी लगाई। नौवें होल में वह डबल बोगी लगा बैठीं। 10वें होल में उन्होंने इकलौती बर्डी लगाई।
दिल्ली की मेहर अटवाल पार 72 का स्कोर कर तीसरे स्थान पर रहीं।
dharmpath.com dharmpath