सेंचुरियन, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक (178) की करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने शुक्रवार को सुपर स्पोर्ट मैदान पर खेले गए पहले एकदिवसीय मैच में आस्ट्रेलिया को शुक्रवार को छह विकेट से हरा दिया।
कॉक ने महज 113 गेंदों में 16 चौके और 11 छक्कों की मदद से दक्षिण अफ्रीका में सर्वश्रेष्ठ स्कोर खड़ा कर अपनी टीम को जीत दिलाते हुए पांच एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला में 1-0 से आगे कर दिया।
आस्ट्रेलिया ने टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबानों के सामने 295 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे उन्होंने महज 36.2 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
कॉक ने इस मैच में रिकार्डो की झड़ी लगा दी। कॉक का यह स्कोर किसी भी दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इससे पहले गैरी कर्स्टन ने 1996 विश्व कप में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ 188 रनों की पारी खेली थी।
इसके अलावा कॉक का यह स्कोर रनों की पीछा करते हुए बनाया गया चौथा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। यह आस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया गया दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है। इससे पहले भारत के रोहित शर्मा ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ 209 रनों की पारी खेली थी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम को कॉक और रिली रॉसो (63)ने शानदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 145 रन जोड़े। रॉसो के आउट हो जाने के बाद कॉक ने अकेले मोर्चा संभाला और टीम को जीत के बेहद करीब पहुंचा कर 280 के कुल स्कोर पर स्कॉट बोलैंड का शिकार बने।
इन दोनों के अलावा फाफ डू प्लेसिस ने 26, ज्यां पॉल ड्यूमिनी 9 रनों का योगदान दिया। डेविड मिलर 10 और फरहान बेहरादिन पांच रनों पर नाबाद लौटे।
आस्ट्रेलिया की तरफ से बोलैंड ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। एडम जाम्पा को भी एक विकेट लिया।
इससे पहले आस्ट्रेलिया ने जॉर्ज बेले (74) और जॉन हेस्टिंग्स (51) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 294 रनों का स्कोर खड़ा किया था।
दक्षिण अफ्रीका की तरफ से अंदिले फेहुस्कवायो ने सर्वाधिक चार विकेट लिए। डेल स्टोन को दो सफलताएं मिली। वेन पार्नेल और इमरान ताहिर को भी एक-एक विकेट मिला।
dharmpath.com dharmpath