पाकिस्तानी कलाकार असहाय स्थिति में : स्वरा भास्कर

मुंबई, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर का मानना है कि जम्मू एवं कश्मीर के उड़ी में हुए हमले में 19 भारतीय जवानों के मारे जाने के संदर्भ में पाकिस्तानी कलाकारों का टिप्पणी करने से बचना उनकी असहाय स्थिति को दर्शाता है।

जागरण फिल्म महोत्सव के दौरान स्वरा ने कहा, “कला और कलाकारों को राजनीति से नहीं जोड़ना चाहिए। पाकिस्तानी कलाकार बेचारगी की स्थिति में हैं। वे असहाय हैं। यह नहीं भूलना चाहिए कि तीन महीने पहले ही पाकिस्तान के सबसे अच्छे गायकों में शुमार अमजद साबरी आतंकवादियों का निशाना बन गए थे।”

स्वरा ने कहा कि पाकिस्तान के लोग खुद भी आतंकवाद के शिकार हैं।

भारत में काम करने वाले फवाद खान जैसे पाकिस्तानी कलाकारों द्वारा भारतीय जवानों पर हुए हमले के बारे में चुप्पी साधने पर उनकी आलोचना हो रही है।

स्वरा सामरिक विश्लेषक उदय भास्कर की बेटी हैं। उन्होंने कहा, “यह पूरा मामला (उड़ी हमला) हमारे लिए बहुत भावनात्मक है। जिस तरह सैनिकों को मारा गया, वह बेहद शर्मनाक है। इस वक्त पूरा देश शोक में है और नाराज है। ऐसा होना बिलकुल जायज है।”

जागरण फिल्म महोत्सव में स्वरा को उनकी फिल्म ‘नील बट्टे सन्नाटा’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के खिताब से नवाजा गया। वह इस खिताब को पाकर बेहद खुश दिखीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493