आईएसएल : मुम्बई ने पुणे को 1-0 से हराया

पुणे, 3 अक्टूबर (आईएएनएस) । मुम्बई सिटी एफसी ने सोमवार को बालेवाडी स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सीजन के अपने पहले मैच में एफसी पुणे सिटी को 1-0 से हरा दिया। तीन सीजन में मुम्बई की यह घर से बाहर मात्र दूसरी जीत है।

मैच का एकमात्र गोल 69वें मिनट में मुम्बई के अर्जेटीनी विंगर मथायस एड्रियान डिफेड्रिको ने किया। इस गोल ने डगआउट से बाहर बैठे एफसी पुणे सिटी के कोच एंटोनियो हाबास को निराश कर दिया। हाबास ने एटलेटिको दे कोलकाता के साथ दो सफल सीजन बिताने के बाद पुणे के साथ भी विजयी आगाज का लक्ष्य रखा था।

हाबास चार मैचों के लिए प्रतिबंधित हैं। बीते सीजन में कोलकाता के कोच हाबास को चेन्नयन एफसी के साथ हुए दूसरे चरण के सेमीफाइनल मैच में आक्रामक व्यवहार दिखाने के कारण मैच रेफरी ने डग आउट से बाहर कर दिया था। इसके बाद अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) की अनुशासन समिति ने हाबास पर चार मैचों का प्रतिबंध लगाया था।

फिल्म अभिनेता रणबीर कपूर की मालिकाना हक वाली इस टीम को पूरे तीन अंकों के अलावा आने वाले मैचों के लिहाज से जरूरी मनोबल दिलाने वाले डिफेड्रिको ने मैच का एकमात्र गोल अपने कप्तान और मार्की खिलाड़ी डिएगो फोर्लान के सटीक पास पर किया।

फोर्लान पहले हाफ में अधिकांश समय काफी चुपचाप रहे लेकिन अंतिम पलों में वह सक्रिय हो गए। 45वें मिनट में फोर्लान ने एक हमला भी किया था लेकिन वह बेकार चला गया। पहले हाफ में फोर्लान को अग्रिम पंक्ति में एक अदद साथी की कमी खली लेकिन सुनील छेत्री के आने के बाद यह कमी पूरी हो सकती है।

बहरहाल, 2010 विश्व कप के हीरो फोर्लान ने दूसरे मौके को हाथ से जाने नहीं दिया और अपनी प्रतिष्ठा के साथ न्याय करते हुए दाएं छोर से राहुल भेके से मिले क्रास पास को बड़ी चतुराई से डिफेड्रिको को सौंप दिया, जिस पर उन्होंने कोई गलती नहीं की और गेंद को बड़ी तेजी से गोलपोस्ट के एक किनारे में धकेल दिया।

पहला हाफ गोलरहित बीतने के बाद दूसरे हाफ की शुरुआत में ही संयोजन में बदलाव दिखा। 46वें मिनट में पुणे ने गुस्तावो ओबेरमैन के स्थान पर मोमार नोडे को मैदान में भेजा। 53वें मिनट में प्रनॉय को गलत तरीके से टैकल करने के फिराक में जोनाथन लुका को पीला कार्ड दिखाए जाने तक कोई बड़ी घटना नहीं हुई लेकिन 61वें मिनट में राहुल भेके और रोड्रिग्वेज लेनी को छकाकर लालमगाएसांगा राल्ते ने गोलपोस्ट पर जोरदार हमला किया लेकिन गेंद बाहर चली गई।

पहले हाफ में दोनों टीमों ने एक लिहाज से बराबरी का खेल दिखाया। दोनों टीमों ने एक दूसरे के खिलाफ कई हमले किए लेकिन इक्के-दुक्के को छोड़कर कोई भी हमला रणनीति के साथ न्याय करता नहीं दिख रहा था। दोनों टीमों की रक्षापंक्ति काफी चौकस नजर आ रही थी।

एक तरफ जहां 38वें मिनट में पुणे के ओबेरमैन और डिफेडेरिको के प्रयास को मुम्बई सिटी एफसी के गोलकीपर रोबटरे गुस्तावो ने बेकार किया वहीं दूसरी ओर, 45वें मिनट में लियो कोस्टा के जोरदार किक को गौरमांगी सिंह ने दिशाहीन करते हुए एफसी पुणे सिटी को पिछड़ने से बचाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493