वर्जीनिया, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका के उपराष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एवं वर्जीनिया के सीनेटर टिम केन और उनके प्रतिद्वंद्वी रिपबिल्कन पार्टी के उम्मीदवार माइक पेंस के बीच तीखी बहस हुई, जो 90 मिनट तक चली।
‘बीबीसी’ के मुताबिक, टिम केन ने मंगलवार रात हुई इस बहस में उपराष्ट्रपति के लिए अपनी मजबूत दावेदारी रखी।
इस बहस से पहले ट्रंप ने ट्वीट कर कहा था, “मैं उपराष्ट्रपति पद की बहस में लाइव ट्वीट करूंगा। आओ, अमेरिका को एक बार फिर से महान बनाएं।”
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, “वह बढ़िया काम कर रहे हैं। अभी कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है।”
वहीं, ट्रंप की डेमोक्रेट प्रतिद्वंद्वी हिलेरी ने कहा, “केन ने पेंस को ट्रंप की वे बातें याद दिला दी, जो उन्होंने लाखों अमेरिकी नागरिकों के बारे में कही थी और पेंस इस पर अपना बचाव नहीं कर पाए।”
बहस के दौरान केन, ट्रंप के रूस के बैंकों के साथ कारोबारी संबंधों पर सवाल उठाते हुए पेंस को बीच-बीच में टोकते रहे।
पेंस ने गर्भपात नीति पर कहा कि यह उनके लिए काफी महत्वपूर्ण मुद्दा है और वह कभी गर्भपात संबंधी विधेयक का कभी समर्थन नहीं करेंगे, जबकि केन ने कहा कि वह भी निजी रूप से गर्भपात विधेयक के विरोध में हैं, लेकिन उनका कहना है कि अपने नजरिये को जनता पर थोपना उनकी सोच नहीं है।
पेंस और केन के बीच अमेरिकी नीतियों, सीरिया में युद्ध और शरणार्थियों के लिए सुरक्षित ठिकानों पर तीखी बहस हुई।
dharmpath.com dharmpath