चीन ओपन : विश्व नंबर-1 केर्बर उलटफेर का शिकार

बीजिंग, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला टेनिस खिलाड़ी जर्मनी की एंजेलिक केर्बर गुरुवार को चीन ओपन में बड़े उलटफेर का शिकार हो गईं।

उन्हें टूर्नामेंट के महिला एकल वर्ग के तीसरे दौर में 16वीं वरीयता प्राप्त यूक्रेन की इलिना स्वितोलिना ने सीधे सेटों में 6-3, 7-5 से मात देते हुए टूर्नामेंट से बाहर का रास्त दिखाया और क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

क्वार्टर फाइनल में स्वितोलिाना का सामना आस्ट्रेलिया की डारिया गावरिलोवा से होगा, जिन्होंने तीसरे दौर में फ्रांस की कैरोलिना गार्सिया को सीधे सेटों में 6-4, 6-3 से हराया।

महिला एकल वर्ग के एक अन्य मुकाबले में पोलैंड की एग्निएस्का राद्वांस्का ने डेनमार्क की कैरोलीन वोज्नियाकी को आसान मुकाबले में 6-3, 6-1 से मात दी। राद्वांस्का अगले दौर में फ्रांस की एलीज कोर्नेट और कजाकिस्तान की यारोस्लोवा श्वेदोवा के बीच होने वाले मैच की विजेता से भिड़ेंगी।

ग्रेट ब्रिटेन की योहान्ना कोंटा भी गुरुवार को अपना मुकाबला जीतने में कामयाब रहीं। उन्होंने कैरोलिना प्लिसकोवा को 6-1, 3-6, 7-6(2) से मात दी। कोंटा ने पहली बार प्लिसकोवा को हराया है। क्वार्टर फाइनल में उनका सामना अब रोमानिया की सिमोना हालेप और स्थानीय खिलाड़ी झांग शुआई के बीच होने वाले मैच की विजेता से होगा।

अमेरिका की मेडिसन कीज भी क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल रहीं। उन्होंने रूस की स्वेतलाना कुजनेत्सोवा को सीधे सेटों में 7-6(2), 6-2 से मात दी। क्वार्टर फाइनल में वह चेक गणराज्य की पेत्रा क्वितोवा से भिड़ेंगी।

क्वितोवा ने स्पेन की गारबाइन मुगुरुजा को आसान मुकाबले में 6-1, 6-4 से मात देते हुए क्वार्टर फाइनल का सफर तय किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493