बांका, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में बांका जिले के बलियास गांव में बुधवार को मिट्टी के एक मकान की दीवार गिर जाने से उसमें दबकर तीन बच्चों की मौत हो गई। सभी मृतक पांच-छह वर्ष के बीच के बताए जा रहे हैं।
धनकुंड सहायक थाने के प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि मंसूरी टोला के लोग पेरू अंसारी के घर के पास मुहर्रम की तैयारी कर रहे थे, तभी पेरू के घर की दीवार गिर गई। इस दुर्घटना में वहां खेल रहे चार बच्चे दीवार की चपेट में आ गए। इनमें से तीन बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि मृतकों में मोहम्मद भलू का पुत्र कबीर, मोहम्मद मिनहाज का पुत्र तौसीक और मोहन्नान की पुत्री खूशबू शामिल हैं। घायल बच्चे अबूकैश को इलाज के लिए एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है।
dharmpath.com dharmpath