नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। अपनी हालिया चर्चित फिल्म ‘पिंक’ की रिलीज के बाद अभिनेत्री तापसी पन्नू अगली फिल्म ‘गाजी’ की रिलीज की तैयारी में हैं। तापसी का कहना है कि यह फिल्म अपनी तरह की पहली फिल्म होगी।
तापसी ने हैदराबाद से टेलीफोन पर आईएएनएस से कहा, “इस फिल्म (गाजी) का हिस्सा बनने पर मुझे गर्व है। यह अपनी तरह की पहली फिल्म है। पनडुब्बी को लेकर भारत में बनी पहली फिल्म सत्य घटना पर आधारित है कि किस प्रकार गाजी (पाकिस्तानी) पनडुब्बी डूबी थी।”
फिल्म में राणा दग्गूबाती भूमिका निभा रहे हैं, जिन्होंने इसे पनडुब्बी पर आधारित पहली फिल्म बताया है। यह फिल्म पाकिस्तानी पनडुब्बी पीएनएस गाजी के डूबने की घटना पर बनी है।
गाजी में अपनी भूमिका के बारे में अभिनेत्री ने कहा, “मैंने फिल्म में एक बांग्लादेशी शरणार्थी की भूमिका निभाई है और यह रिलीज होने वाली है। मुझे लगता है कि फिलहाल ग्राफिक का कुछ काम चल रहा है।”
dharmpath.com dharmpath