तिरुवनंतपुरम, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार और मुख्यमंत्री पिनरई विजयन पर केरल में राजनीतिक आतंकवाद शुरू करने का आरोप लगाते हुए भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) ने पार्टी कार्यकर्ता की कन्नूर में हुई हत्या की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।
भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा, “कोई भी इसे स्पष्ट समझ सकता है कि यह राजनीतिक आतंकवाद मुख्यमंत्री पिनरई विजयन के आशीर्वाद व समर्थन से एलडीएफ के गुंडों द्वारा शुरू किया गया है। जब मुख्यमंत्री का संरक्षण गुंडों और अपराधियों को प्राप्त है तो आप देख सकते हैं कि वे कैसी तबाही ला सकते हैं।”
एक 26 वर्षीय वाहन चालक व पार्टी कार्यकर्ता रेमित की हत्या की निंदा करते हुए राव ने कहा कि भाजपा के उदय से घबराकर माकपा (मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी) के नेतृत्व वाला एलडीएफ इस आतंकवाद को अंजाम दे रहा है।
उन्होंने कहा कि ये हमले केरल में भाजपा के उदय और भ्रष्टाचार से ध्यान हटाने के लिए किए जा रहे हैं।
राव ने आगे कहा, “राज्य सरकार न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम रही है, बल्कि इसने इसे खत्म करने में सक्रिय भूमिका भी निभाई है। हम एलडीएफ सरकार और मुख्यमंत्री से फौरन इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग करते हैं।”
हत्या के विरोध में भाजपा ने केरल में बंद का अह्वान किया है।
विजयन के मई में पद ग्रहण करने के बाद से कन्नूर में चार भाजपा और तीन माकपा कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है।
dharmpath.com dharmpath