रोम, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। ब्रिटेन के विदेश विभाग ने उस ऑनलाइन फॉर्म के लिए माफी मांगी है, जिसमें इटली के निवासियों से पूछा गया था कि वे ‘इटालियन, नेपोलितन या सिसिलियन’ हैं। इटली का एकीकरण 155 वर्ष पहले हुआ है।
ब्रिटेन में इटली के राजदूत पासकुआले टेरासियानो ने कहा कि फॉर्म के लिए सरकार की तरफ से मांगी गई माफी से वह संतुष्ट हैं। इंग्लैंड तथा वेल्स के कुछ हिस्सों में स्कूली बच्चों के माता-पिता से फॉर्म में यह बात पूछी गई थी।
टेरासियानो ने कहा, “यह कुछ शैक्षणिक अधिकारियों की तरफ से की गई गलती थी न कि इसका उद्देश्य भेदभाव करना था।”
उन्होंने कहा कि ब्रिटिश सरकार ने कहा है कि उसने फॉर्म में बदलाव करने के लिए कहा है।
बीते 23 जून को यूरोपीय संघ से बाहर निकलने के ब्रिटेन के फैसले की ओर इशारा करते हुए टेरासियानो ने कहा, “ब्रेक्सिट के इस दौर में गलतफहमियों को दूर कर लेना जरूरी है।”
इटली के दूतावास ने ब्रिटिश सरकार की ओर इशारा करते हुए कहा कि इटली का एकीकरण 17 मार्च, 1861 को हुआ था।
dharmpath.com dharmpath