हैदराबाद, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। चालू वित्त वर्ष (2016-17) की पहली तिमाही में तेलंगाना की राजस्व वृद्धि दर 31 फीसदी से अधिक देखने को मिली है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि अप्रैल से सितंबर के दौरान राज्य का कुल राजस्व 1,935.30 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 1,475 करोड़ रुपये था।
मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के प्रधान सचिव एस. नरसिंगा राव के मुताबिक, राज्य ने 31.21 फीसदी की रिकॉर्ड विकास दर हासिल की है। इसे देखते हुए राज्य ने वित्त वर्ष 2016-17 के लिए कुल 4,291.99 करोड़ रुपये राजस्व इकट्ठा करने का लक्ष्य रखा है।
अधिकारी ने कहा कि राज्य को मुख्यत: जमीन और इमारतों की खरीद-बिक्री से राजस्व प्राप्त होता है।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक, तेलंगाना दक्षिण के अन्य राज्यों से कही आगे हैं, क्योंकि इसी अवधि में आंध्र प्रदेश में 12.27 फीसदी, कर्नाटक में 2.3 फीसदी, केरल में 3.57 फीसदी और तमिलनाडु में नकारात्मक 2.63 फीसदी राजस्व वृद्धि देखी गई।
बयान में कहा गया कि राज्य में नए और छोटे जिलों की घोषणा के कारण भी विकास दर तेज हुई है।
dharmpath.com dharmpath