बेनॉलिम (गोवा), 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि उनका देश नेपाल के साथ विकास योजनाओं पर मिलकर काम करने के लिए तैयार है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे आने वाले समय में दोनों पड़ोसी देशों को लाभ होगा।
शी ने शनिवार को आठवें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल के साथ मुलाकात की।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, शी ने कहा, “दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध की स्थापना को 50 साल से भी अधिक समय हो गए हैं और इस दौरान कई अंतर्राष्ट्रीय हालातों के उतार-चढ़ाव के बावजूद दोनों देशों के संबंध मजबूत रहे हैं और इन्होंने स्थिर विकास को बरकरार रखा है।”
उन्होंने दोनों देशों के बीच राजनीतिक संचार को सशक्त करने, एक दूसरे के मूल हितों पर आधारित आपसी समर्थन को बढ़ाने और विकास के संदर्भ में सहयोग को बढ़ाने का आह्वान किया है।
शी ने कहा कि चीन, नेपाल में भूकंप के बाद पुनर्निर्माण कार्यो में सहयोग देने के लिए तैयार है और वह नेपाल में विशेष आर्थिक क्षेत्रों और औद्योगिक पार्को में निर्माण के लिए भी तैयार है।
नेपाल के प्रधानमंत्री दहल ने कहा कि नेपाल, चीन को एक विश्वसनीय विकास साझेदार के रूप में देखता है और वह चीन के साथ अधिक समग्र साझेदारी विकसित करने के लिए तैयार है।
dharmpath.com dharmpath