सियोल, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद बनाने वाली दुनिया की अग्रणी कंपनी सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने सोमवार को कहा कि दक्षिण कोरिया से बाहर जाने वाले लोग सियोल हवाईअड्डे पर सैमसंग गैलेक्सी नोट 7 फोन बदल सकते हैं। अमेरिका व अन्य देशों ने विमान में इस फोन को ले जाने पर पाबंदी लगा दी है।
अमेरिका, कनाडा, इजरायल व जापान के यातायात प्राधिकार द्वारा सैमसंग गैलेक्सी नोट 7 फोन लेकर यात्रा करने पर पाबंदी लगाने के बाद सैमसंग ने कई तरह के कदम उठाए हैं। फोन में आग लगने की घटनाओं के सामने आने के बाद लगाई गई पाबंदी के मुताबिक, स्विच ऑफ अवस्था में भी फोन को यात्री अपने साथ हवाई यात्रा के दौरान नहीं ले जा सकते।
समाचार एजेंसी एफे न्यूज से सैमसंग के एक प्रवक्ता ने कहा, “हमने इंचियॉन अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर एक काउंटर खोला है, जहां नोट 7 के उपयोगकर्ता अपने फोन के बदले सैमसंग के किसी दूसरे मॉडल का फोन ले सकते हैं।”
प्रवक्ता ने कहा कि सैमसंग के इंजीनियर इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग तथा गुणवत्ता के हर कदम की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि फोन में आ रही समस्या का समाधान हो सके।
इस बीच, दक्षिण कोरिया के अधिकारियों ने सैमसंग के साथ मिलकर एक समानांतर जांच की शुरुआत की है।
कंपनी ने सितम्बर में लगभग 25 लाख फोन को वापस लिया था। समस्या बनी रहने के बाद कंपनी को हमेशा के लिए इस फोन को बाजार से वापस लेने पर बाध्य होना पड़ा।
सैमसंग ने अनुमान लगाया है कि जुलाई 2016 से मार्च 2017 के बीच उसे 5.4 अरब डॉलर का नुकसान होगा।
dharmpath.com dharmpath