मुंबई, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। लोकप्रिय बॉलीवुड हस्तियां- नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, प्रकाश झा, सुशांत सिंह, कोंकणा सेन शर्मा और अरशद वारसी जियो मामी 18वें मुंबई फिल्मोत्सव में निर्देशक अलंकृता श्रीवास्तव की फिल्म ‘लिपस्टिक अंडर माइ बुर्का’ की स्क्रीनिंग में शामिल हुईं।
इस अवसर पर मौजूद फिल्म के निर्माता प्रकाश झा ने कहा, “यह अच्छी फिल्म है। कहानी उन चार महिलाओं के इर्द-गिर्द घूमती है जो स्वच्छंद जीवन जीना चाहती हैं। मुझे कहानी पसंद आई और मैंने इसकी निर्माण प्रक्रिया को मंजूरी दे दी। आप इसे नारीवादी फिल्म कह सकते हैं, क्योंकि सभी मुख्य पात्र महिलाएं ही हैं, लेकिन यह एक महिला और उसकी इच्छाओं की सामान्य कहानी है।”
झा के मुताबिक, वह कहानी पसंद आने पर निर्देशक को अपने तरीके से फिल्म बनाने की छूट दे देते हैं। फिल्म को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया से निर्माता बेहद खुश हैं।
रत्ना, सुशांत, अहाना कुमरा और प्लाबिता बोरठाकुर के साथ फिल्म में काम करने वाली कोंकणा ने कहा कि वह फिल्म को लेकर उत्साहित हैं।
फिल्म रिलीज होने की तारीख अभी तय नहीं हुई है।
अलंकृता श्रीवास्तव के अनुसार, “यह फिल्म विभिन्न फिल्मोत्सवों में प्रदर्शित की जा चुकी हैं, मगर रिलीज होने की तारीख तय नहीं हुई है। हम इसके रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं।”
‘लिपस्टिक अंडर माइ बुर्का’ में चार अलग-अलग पीढ़ियों की महिलाओं की सोच और जीवन को दर्शाया गया है, जो रूढ़िवादी सामाजिक बेड़ियों को तोड़कर अपनी मर्जी से अपनी जिंदगी जीना चाहती हैं।
dharmpath.com dharmpath