पाकिस्तान : विपक्ष का राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान

इस्लामाबाद, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया है। पीटीआई ने यह आह्वान इस्लामाबाद में गुरुवार देर रात पुलिस द्वारा पार्टी के एक युवा सम्मेलन पर धावा बोलकर कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के खिलाफ किया है।

डॉन ऑनलाइन की रपट के मुताबिक, पीटीआई के शीर्ष नेता पार्टी प्रमुख इमरान खान के आवास पर मिले। उन्होंने हालात का जायजा लिया और विरोध-प्रदर्शन के सिलसिले में तैयारियां की।

अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से इमरान ने अपने आवास से लेकर रावलपिंडी की लाल हवेली तक रैली निकालने का निर्देश दिया है।

रावलपिंडी व इस्लामाबाद को जोड़ने वाली मुख्य सड़क मुर्रे रोड पर यातायात सामान्य है, जबकि दोनों शहरों के शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों व व्यापारिक संस्थानों में सामान्य दिनों की ही तरह काम हो रहा है।

अधिकारियों ने अगले आदेश तक दोनों शहरों में महानगर बस सेवा को निलंबित कर दिया है।

दोनों शहरों में पांच या उससे अधिक लोगों के एक साथ इकट्ठा होने तथा लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर पाबंदी लगा दी गई है।

इस बीच, लोगों के एक साथ जमा होने पर पाबंदी के बावजूद अवामी मुस्लिम लीग (एएमएल) ने पार्टी प्रमुख शेख रशीद के लाल हवेली आवास पर बैठक करने की अपनी योजना को अमल में लाने की प्रतिबद्धता जताई है।

रशीद ने एक ट्वीट में कहा कि उनके ड्राइवर व सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि वह अपराह्न दो बजे लाल हवेली पहुंचेंगे।

एएमएल प्रमुख ने इमरान खान को हेलीकॉप्टर या किसी अन्य माध्यम से लाल हवेली पहुंचने को कहा है।

पनामा पेपर लीक में प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का नाम आने के बाद से ही पीटीआई ने नवाज सरकार के खिलाफ हमलावर रुख अख्तियार कर रखी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493