आईएसएल : केरल और चेन्नई ने खेला गोलरहित ड्रॉ

इस मैच से दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। दोनों के नौ-नौ अंक हो गए हैं लेकिन इससे आठ टीमों की तालिका में दोनों के क्रम में कोई अंतर नहीं आया। एटलेटिको दे कोलकाता 12 अंकों के साथ शीर्ष पर है जबकि मुम्बई सिटी एफसी (11) दूसरे तथा नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी (10) तीसरे स्थान पर है।

यह केरल का सातवां मैच था। उसने अब तक दो मैचों में जीत हासिल की है जबकि तीन मैच ड्रॉ रहे हैं। दो मैचों में उसे हार भी मिली है। चेन्नई का यह छठा मैच था। उसे दो मैचों में जीत मिली है जबकि एक मैच में हार मिली है। उसके तीन मैच बराबरी पर छूटे हैं।

अपने घर में चेन्नई का यह इस सीजन का तीसरा मैच था। उसे एक मैच में हार मिली है जबकि एक मैच में जीत और एक मैच बराबरी पर छूटा है।

इन दोनों टीमों के बीच अब तक आईएसएल में जोरदार भिड़ंत हुई है। दक्षिण की इन दो टीमों के बीच का मुकाबला हमेशा से रोचक रहा है और शनिवार को भी इसी की उम्मीद थी लेकिन दोनों टीमों ने धीमी और सावधान शुरुआत की।

पहले हाफ में किसी ने भी सटीक हमला नहीं किया और न ही विपक्षी टीम को हमला करने की आजादी दी। चेन्नई की टीम इस दौरान हालांकि गोल कर सकती थी लेकिन इसके लिए उसकी अग्रिम पंक्ति को थोड़ा और चुस्त होना था। कप्तान बेर्नार्ड मेंडी के पास पहले हाफ में गोल करने का सबसे अच्छा मौका था लेकिन वह इसे भुना नहीं सके।

बलजीत साहनी की ओर से 27वें मिनट में मेंडी को एक अच्छा क्रास पास मिला था। गेंद को सम्भालने के बाद मेंडी ने सेड्रिक हेंगबार्ट को छकाने में सफलता हासिल की लेकिन गोलपोस्ट से बिल्कुल करीब होने के बाद भी वह सही निशाना नहीं लगा सके।

पहले हाफ में चेन्नई की टीम ने हालांकि डिफेंस में अच्छा खेल दिखाया क्योंकि उसने केरल को एक बार भी पुरजोर तरीके से ताक-झांक का मौका नहीं दिया।

दूसरे हाफ की कहानी भी काफी हद तक पहले हाफ की तरह रही। 65वें मिनट में केरल के कप्तान एरान ह्यूज को हैमस्ट्रींग की समस्या के कारण मैदान से बाहर जाना पड़ा। मेहमान टीम के लिए यह एक बड़ा झटका था। ह्यूज अगले मैच में खेल पाएंगे या नहीं, यह तो स्कैन के बाद ही पता चल सकेगा।

इस हाफ में गोल करने का सबसे बड़ा मौका 72वें मिनट में आया था जब मोहम्मद रफीक द्वारा बॉक्स में भेजे गए पास पर लम्बी दौड़ लगाते हुए केरवेंस बेलफोर्ट ने गेंद पर अपनी पहुंच बना ली थी लेकिन वह उसे गोलपोस्ट में डालने से चूक गए। बेलफोर्ट जिस तरह के फार्म में हैं, उसे देखते हुए उनसे इस मौके को भुनाने की अपेक्षा की जा रही थी।

केरल की टीम बुलंद हौसलों के साथ यहां पहुंची थी। उसने अपने अंतिम मैच में पिछड़ रहे होने के बाद भी एफसी गोवा को उसी के घर में हराया था। दूसरी ओर, बीते मैच में चेन्नई के भाग्य ने उसका साथ नहीं दिया था। उसे पुणे के खिलाफ शुरुआती बढ़त के बाद भी अंक बांटने पड़े थे।

यह मैच जीतकर चेन्नई की टीम तालिका में पहले स्थान पर पहुंच सकती थी लेकिन किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया और अब एक बार फिर उसे अपने घर में ड्रॉ से संतोष करना पड़ा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493