मुंबई, 1 नवंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड में ‘खिलाड़ी’ के नाम से मशहूर अभिनेता अक्षय कुमार ने अपने परिवार के साथ केपटाउन में दिवाली मनाई।
अपने फिटनेस और अभिनय सुझावों के लिए खासे लोकप्रिय रहे अक्षय एक अच्छे पिता और पति माने जाते हैं। अपने परिवार को भी ज्यादा समय देने की उनकी कोशिश होती है। दिवाली के समय केपटाउन में अपने परिवार के साथ छुट्टियां बिताते हुए अक्षय को अहसास हुआ कि उनकी अब उम्र हो चली है क्योंकि उनका बेटा आरव अब बड़ा हो गया है।
अक्षय ने बेटे आरव के साथ अपनी एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की और लिखा, “यह अनुभव आपको तब होगा जब आपका छोटा बच्चा आपके कद तक पहुंच जाए आपके जूते उसे फिट बैठने लगें।”
एक तरफ जहां अक्षय ने आरव के साथ तस्वीर साझा की तो दूसरी तरफ उनकी पत्नी लेखिका व अभिनेत्री ट्विकल खन्ना ने अपनी बेटी नितारा के साथ तस्वीर साझा की और लिखा, “दूर देश में सूर्य के निकलने से मेरे दिन की शुरुआत हो रही है।”
देश में बहुत सारे बॉलीवुड सितारे दिवाली की पार्टी का आनंद उठा रहे है। अक्षय ने दिवाली केपटाउन में अपने परिवार के साथ मनाने का फैसला किया।
dharmpath.com dharmpath