वाशिंगटन, 1 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी कानून मंत्रालय ने कहा कि वह राष्ट्रपति पद की डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन के ईमेल से जुड़ी हाल की जांच को जल्द एक निष्कर्ष तक पहुंचाने की कोशिश करेगा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, सहायक महान्यायवादी पीटर काडजिक ने सोमवार को एक पत्र लिखकर कांग्रेस को आश्वासन दिया कि उनका विभाग संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगा, सभी आवश्यक संसाधन समर्पित करेगा और यथासंभव शीघ्रता से समुचित कदम उठाएगा।
यह वादा एफबीआई के निदेशक जेम्स कोमे द्वारा शुक्रवार को की गई टिप्पणी के बाद किया गया है जिसमें उन्होंने कहा था कि हिलेरी क्लिंटन के निजी ई-मेल सरवर से संबंधित नए सबूतों की जांच की जा रही है।
इस टिप्पणी को लेकर डेमोक्रेट ने कोमे की आलोचना की और आरोप लगाया कि उन्होंने राष्ट्रपति चुनावों से 60 दिन पहले जांच को लोगों की नजर से दूर रखने की परंपरा का अनुसरण नहीं किया।
हालांकि, ह्वाइट हाउस ने सोमवार को कोमे का बचाव किया। प्रेस सचिव जोश अर्नेस्ट के अनुसार, राष्ट्रपति बराक ओबामा नहीं मानते हैं कि कोमे जानबूझकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
हिलेरी क्लिंटन ने जांच की बात से उनके चुनाव अभियान को हुई क्षति को नजरंदाज करते हुए सोमवार को ओहियो में एक रैली में कहा कि ‘कोई मामला नहीं है’ और वह आश्वस्त हैं कि कोई आरोप नहीं लगाए जाएंगे।
जांच की बात को भुनाते हुए रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को चेतावनी दी कि अगर हिलेरी क्लिंटन राष्ट्रपति चुनी जाती हैं तो देश को संविधानिक संकट झेलना पड़ेगा।
ईमेल विवाद का लाभ ट्रंप को मिलता दिख रहा है। सप्ताहांत में हुए चुनावी सर्वेक्षण में उनके समर्थकों की संख्या में 2.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई जिससे हिलेरी क्लिंटन के साथ मतों का अंतर काफी कम हो गया है।
dharmpath.com dharmpath