पर्थ, 4 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन कंधे में चोट के कारण आस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला से बाहर हो गए हैं।
पर्थ में जारी पहले टेस्ट मैच में गेंदबाजी के दौरान उन्हें कंधे में चोट लगी, जिसके कारण उन्हें श्रृंखला से बाहर होना पड़ा।
स्टेन के उसी कंधे में चोट लगी है जिसमें पिछले सत्र में उन्हें चोट लगी थी। टेस्ट मैच के दूसरे दिन भोजनकाल से 42 मिनट पहले उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। उनकी चोट का स्कैन कराया जिससे उनके कंधे में फ्रैक्चर का पता चला।
दक्षिण अफ्रीका टीम के मैनेजर मोहम्मद मौसाजी ने कहा कि उन्हें किसी विशेषज्ञ से इलाज के लिए स्वदेश लौटना पड़ेगा और हो सकता है कि उनकी सर्जरी भी करानी पड़े, लेकिन उससे पहले अगर जरुरत पड़ी तो वह इस मैच में बल्लेबाजी कर सकते हैं।
उन्हें चोट से उबरने में कितना समय लगेगा यह नहीं कहा जा सकता लेकिन यह छह महीने तक भी हो सकता है।
मोहम्मद ने कहा, “डेल को भोजनकाल से पहले दाएं कंधे में चोट लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां फ्रैक्चर का पता चला। अगर जरुरत पड़ी तो वह इस मैच में बल्लेबाजी करेंगे लेकिन इस श्रृंखला के आगे के मैच नहीं खेल पाएंगे।”
स्टेन को अपने 13वें ओवर की चौथी गेंद के दौरान चोट लगी थी। इससे पहले वह आस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर (97) का विकेट ले चुके थे।
दक्षिण अफ्रीका ने हालांकि उनके विकल्प की घोषणा नहीं की है।
dharmpath.com dharmpath