ज्यूरिख, 5 नवंबर (आईएएनएस)। स्टार फुटबाल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी फीफा के साल के सर्वश्रेष्ठ फुटबाल खिलाड़ी को दिए जाने वाले पुरस्कार के लिए चयनित शीर्ष-23 खिलाड़ियों की सूची में आगे चल रहे हैं।
इन दोनों दिग्गज खिलाड़ियों के अलावा इंग्लिश फुटबाल क्लब लीसेस्टर सिटी के जैमी वार्डी, रियाद माहरेज, नगोलो कांटे भी इस सूची में जगह बनाने में सफल हुए हैं।
इस खिताब की दौड़ में रोनाल्डो के साथ स्पेनिश क्लब रियल मेड्रिड में खेलने वाले गारेथ बेल, टोनी क्रूस, सर्जियो रामोस और लुका मोड्रिक भी शामिल हैं।
एक और स्पेनिश क्लब बार्सिलोना के लिए खेलने वाले मेसी के साथी लुइस सुआरेज, नेमार और आंद्रेस इनिएस्ता भी खिताब के दावेदार हैं।
फीफा द्वारा शुक्रवार को जारी बयान के अनुसार एटलेटिको मेड्रिड के लिए खेलने वाले फ्रांस के एंटोइने ग्रीजमैन और दिमित्रि पायेट भी इस रेस में अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
मैनचेस्टर युनाइटेड के पॉल पोग्बा और ज्लाटन इब्राहिमोविक भी इस सूची में शामिल हैं।
खिताब के लिए वोटिंग 22 नवंबर को बंद हो जाएगी।
रोनाल्डो तीन बार और मेसी पांच बार यह खिताब अपने नाम कर चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath