लंदन, 6 नवंबर (आईएएनएस)। ईडन हैजर्ड के दो गोल की बदौलत चेल्सी ने शनिवार देर रात हुए मुकाबले में एवर्टन को 5-0 से मात देकर प्रीमियर लीग अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
चेल्सी अब लीग तालिका में 25 अंकों के साथ मैनचेस्टर सिटी से आगे पहले स्थान पर है। सिटी एक अंक पीछे 24 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, लंदन के स्टैमफोर्ड ब्रिज स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले के पहले हाफ में ही चेल्सी ने तीन गोल दागकर 3-0 से बढ़त हासिल कर ली थी। टीम के लिए ये गोल हैजर्ड (19वें मिनट), मार्को एलेंसो (20वें मिनट) और डिएगो कोस्टा (42वें मिनट) ने किए।
मुकाबले के दूसरे हाफ में भी एवर्टन को एक भी गोल करने का मौका न देते हुए चेल्सी ने दो और गोल दागे। हैजर्ड ने चेल्सी के लिए 56वें मिनट में एक और गोल दागा है। इसके अलावा 65वें मिनट में प्रेडो ने पांचवां गोल दागते हुए क्लब को एवर्टन पर 5-0 से जीत दिलाई।
इस मुकाबले के बाद चेल्सी के कोच एंटोनियो कोंटे ने कहा, “यह काफी बेहतरीन खेल था और खिलाड़ियों का प्रदर्शन अच्छा रहा। लीग तालिका में शीर्ष पर पहुंचना अच्छी बात है। इससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है। हमें अब आगे के मुकाबलों पर ध्यान देना है।”
dharmpath.com dharmpath