जोश-जुनून के साथ सलवान मैराथन में दौड़े बच्चे

नई दिल्ली, 6 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार की सुबह आयोजित हुए सलवान मैराथन के 21वें संस्करण में जोश और जुनून से भरपूर बच्चों ने हिस्सा लिया।

‘क्लीन स्पोर्ट्स’ के प्रचार को ध्यान में रखते हुए दिल्ली कैंट स्थित आर्मी एक्यूस्ट्रियन सेंटर में आयोजित इस मैराथन में दिल्ली से ही नहीं बल्कि देश के कई राज्यों के स्कूलों से आए बच्चों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।

ओलम्पिक में हिस्सा ले चुके देश के अग्रणी मुक्केबाज शिव थापा, एथलीट मनप्रीत कौर ने मैराथन में शामिल हजारों बच्चों का उत्साह बढ़ाया। इनमें दृष्टिबाधित और विकलांग बच्चे भी शामिल थे।

‘सलवान एजुकेशन ट्रस्ट’ के ट्रस्टी इंदरदत्त सलवान ने इस मैराथन की शुरुआत 1995 में की थी। उस दौरान 300 बच्चों ने इसमें हिस्सा लिया था, लेकिन आज हजारों की संख्या में बच्चे इस मैराथन की शोभा बढ़ाने आते हैं।

शिव थापा ने कहा, “मुझे इस मैराथन में आकर काफी अच्छा लगा। मैं दूसरी बार इसमें शामिल हुआ हूं। बच्चों में काफी जोश देखने को मिला है और लोगों में खेलों के प्रति उत्साह को देखकर यकीन होता है कि आने वाले दिनों में भारत में खेल जगत का भविष्य उज्जवल है।”

इस मैराथन का आयोजन विभिन्न वर्गो, अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-18 में होता है। इसके अलावा, विकलांग और नेत्रहीन बच्चों ने 4.5 किलोमीटर की रेस में हिस्सा लिया।

ओलम्पिक एथलीट सुखबीर सिंह और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को मैराथन में शामिल होना था लेकिन वे आ नहीं पाए।

इस मैराथन में ‘क्लीन स्पोर्ट्स’ को खास महत्व दिया गया है। इसमें शीर्ष 20 स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों का डोप टेस्ट भी किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493