हनोई, 7 नवंबर (आईएएनएस)। वियतनाम में भारी बारिश के बाद बाढ़ में 15 लोगों की मौत हो गई जबकि छह अन्य लापता हैं।
प्राकृतिक आपदा बचाव एवं नियंत्रण विभाग के मुताबिक, मध्य क्षेत्रों और मध्य हाईलैंड के 13 क्षेत्रों में लंबे समय से बारिश हो रही है।
मध्य फू येन प्रांत में जान-माल की सर्वाधिक हानि हुई है। यहां सात लोगों की जान गई है जबकि एक लापता है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, पिछले सोमवार से शुरू हुई भारी बारिश पूरे सप्ताह जारी रही। बाढ़ से दो क्षेत्रों के लगभग 41,000 घर क्षतिग्रस्त हो गए।
विभाग के मुताबिक, जलमग्न घरों में से 223 घर 50 फीसदी से 70 फीसदी तक क्षतिग्रस्त हो गए।
बाढ़ से कृषि क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लगभग 12,000 हेक्टेयर क्षेत्र में चावल की फसल जलमग्न है। लगभग 42,724 पॉल्ट्री फॉर्म और 440 मवेशी डूब गए हैं।
विभाग ने प्रभावित प्रांत प्रशासन से बारिश और बाढ़ पर नजर बनाए रखने और इन क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तैयार रहने को कहा है।
dharmpath.com dharmpath