कटक, 7 नवंबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ ने रणजी ट्रॉफी के पांचवें दौर के मुकाबले के तीसरे दिन सोमवार को खेल समाप्ति तक गोवा पर 23 रनों की बढ़त ले ली है।
बाराबाती स्टेडियम में खेले जा रहे ग्रुप-सी के मैच में छत्तीसगढ़ ने स्टम्पस तक दो विकेट के नुकसान पर 95 रन बना लिए हैं।
अपनी पहली पारी में 198 रनों पर ढेर होने वाली छत्तीसगढ़ ने गोवा को भी खासा परेशान किया। मैच के दूसरे दिन छत्तीसगढ़ ने गोवा के छह विकेट महज 70 रनों पर ही गिरा दिए थे। लेकिन इसके बाद समर शुभाशीष (97) और शादाब जकाती (92) ने टीम को संभाला।
इन दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे दिन टीम के स्कोर को 127 रनों पर छह विकेट से आगे बढ़ाया। साहिल गुप्ता ने शतक की और बढ़ रहे जकाती को पवेलियन भेजा। 196 गेंदों में नौै चौके एवं दो छक्कों की मदद से शानदार पारी खेलने वाले जकाती ने शुभाशीष के साथ सातवें विकेट के लिए 160 रनों की साझेदारी कर टीम को न सिर्फ संभाला बल्कि सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। जकाती जब आउट हुए तब टीम का स्कोर 230 था।
शुभाशीष गोवा की तरफ से आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे। उन्होंने अपनी जुझारू पारी में 282 गेंदें खेलते हुए 12 चौके लगाए।
अपनी दूसरी पारी खेलने उतरी छत्तीसगढ़ की शुरुआत खराब रही। अपना पहला मैच खेल रहे अभिषेक सिंह दूसरी पारी में भी खाता नहीं खोल सके। पहली पारी में अर्धशतक लगाने वाले अमनदीप खरे इस पारी में शून्य पर आउट हुए। छत्तीसगढ़ ने सात रनों पर ही अपने दो विकेट गंवा दिए थे।
यहां से साहिल (नाबाद 50) और कप्तान मोहम्मद कैफ (नाबाद 38) ने टीम को संभाला और दिन का खेल खत्म होने तक कोई और विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों के बीच 88 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
dharmpath.com dharmpath