इस्लामाबाद, 8 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने मंगलवार को भारतीय उप उच्चायुक्त जे.पी. सिंह को तलब कर नियंत्रण रेखा पर ‘बिना किसी उकसावे के संघर्ष विराम उल्लंघन’ को लेकर ‘कड़ा’ विरोध जताया।
इस संबंध में जारी एक बयान में कहा गया है कि विदेश विभाग के महानिदेशक (दक्षिण एशिया एवं दक्षेस) मोहम्मद फैसल ने सिंह को तलब कर सोमवार को निकियाल तथा जंद्रोत सेक्टरों में ‘भारत की ओर से किए गए संघर्ष विराम उल्लंघनों’ की ‘कड़ी निंदा’ की, जिसमें एक महिला सहित तीन नागरिकों की मौत हो गई थी और चार अन्य घायल हो गए थे।
बयान के अनुसार, महानिदेशक ने भारतीय पक्ष से 2003 के संघर्ष विराम समझौते का सम्मान करने, निरंतर संघर्ष विराम उल्लंघन के मामलों की जांच करने, भारतीय बलों को संघर्ष विराम का सम्मान करने का निर्देश देने और नियंत्रण रेखा से सटे गांवों तथा आम नागरिकों को निशाना बनाने से रोकने के लिए कहा।
भारतीय अधिकारी को ऐसे समय में तलब किया गया है, जबकि जासूसी के आरोपी भारतीय उच्चायोग के तीन अधिकारी पहले ही पाकिस्तान से रवाना हो चुके हैं।
दोनों पड़ोसी मुल्कों के बीच तनाव के मद्देनजर विदेश कार्यालय पिछले सप्ताहों में कई बार भारतीय उप उच्चायुक्त को तलब कर चुका है।
dharmpath.com dharmpath