आईएसएल : दिल्ली को उसी के घर में हराने उतरेगी चेन्नई

नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे संस्करण में बुधवार को जब चेन्नयन एफसी दोबारा दिल्ली के खिलाफ रिटर्न टाई खेलने मैदान में उतरेगी तो उनकी कोशिश अपने घरेलू मैदान पर पिछली हार का बदला लेने की होगी।

दिल्ली ने छह अक्टूबर को चेन्नयन को उनके घर में मात देते हुए आईएसएल-3 की शुरुआत की थी।

इस बार चेन्नयन दिल्ली से उसके घर में भिड़ेगी। यह मैच जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला जाएगा।

मार्को मातेराजी की टीम इस समय 10 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है, जो कि मौजूदा चैम्पियन होने के नाते उसकी हैसियत के साथ मेल नहीं खाता।

मातेराजी निश्चित तौर पर इस स्थिति से निकलना चाहेंगे और लीग के दूसरे चरण में शीर्ष-4 में बने रहना चाहेंगे, जिससे कि उनकी टीम के सेमीफाइनल खेलने की उम्मीदें बरकरार रहें।

मातेराजी की गैरमौजूदगी में सहायक कोच सबीर पाशा ने कहा, “हमारी टीम आत्मविश्वास से भरी हुई है। मातेराजी के मन में कल के मैच के लिए कुछ अलग रणनीति है। हमारी टीम बदली हुई है और हम कुछ नया करने को उतारू हैं। वैसे घर से बाहर खेलना हमेशा से कठिन होता है।”

दिल्ली बीते मैच में केरला ब्लास्टर्स को 2-0 से हराते हुए लीग तालिका में पहली बार शीर्ष पर पहुंची, मुम्बई ने उसे ज्यादा देर शीर्ष पर टिकने नहीं दिया। अब दिल्ली की टीम एक बार फिर शीर्ष पर निगाह लगाए चेन्नई का सामना करेगी। दिल्ली के 8 मैचों से 13 अंक हैं।

अपने घरेलू मैदान पर लगातार तीन मैच बराबरी पर छूटने के बाद दिल्ली की टीम जीत की लय में लौटी है और अब वह इस लय को खत्म नहीं होने देना चाहेगी।

जाम्ब्रोता ने मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाताओं से कहा, “मार्को मातेराजी के खिलाफ खेलना हमेशा से अच्छा अनुभव रहा है। हमने इस टीम के खिलाफ इस सीजन का पहला मैच खेला और अब एकबार फिर हम इस टीम के सामने हैं। मैं मानता हूं कि चेन्नई के खिलाफ जोरदार मुकाबला होगा। मैं यहां बताना चाहता हूं कि हमारा लक्ष्य प्लेआफ है और हम वहां तक जल्द से जल्द पहुंचना चाहते हैं। हमारी टीम दिन ब दिन बेहतर होती जा रही है। मुझे इसकी खुशी है।”

केरल के खिलाफ हुए मैच से पहले जाम्ब्रोता ने उम्मीद जताई थी कि उनकी टीम अपने घर में जीत की पटरी पर लौटने में सफल होगी और हुआ भी वही। जाम्ब्रोता एक बार फिर अपनी टीम से जीत की उम्मीद करेंगे और साथ ही वह मौजूदा चैम्पियन के खिलाफ अजेय रहना चाहेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493