ब्रिजटाउन (बारबाडोस), 9 नवंबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज के हरफनमौला खिलाड़ी किरन पोलार्ड को दक्षिण अफ्रीका में होने वाले टी-20 लीग टूर्नामेंट ‘रैम स्लैम टी-20’ में हिस्सा लेने के लिए वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (डबल्यूआईसीबी) से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिल गया है।
इस बात की घोषणा मंगलवार को बोर्ड के अध्यक्ष मिशेल मुइरहेड ने की।
समाचार एजेंसी सीएमसी के मुताबिक, मुइरहेड ने मीडिया में फैली उन खबरों का भी खंडन किया जिसमें कहा जा रहा था कि बोर्ड ने पोलार्ड को एनओसी देने से मना कर दिया है।
बोर्ड अध्यक्ष ने एक साक्षात्कार में कहा कि पोलार्ड को एनओसी न देना बोर्ड की मंशा कभी नहीं रही। उन्होंने हालांकि इस प्रक्रिया में लगे समय की वजह को बताया।
उन्होंने कहा, “हमने उन्हें एनओसी देने से मना नहीं किया बल्कि हमने उन्हें बताया कि क्यों इस प्रक्रिया में देरी हो रही है। हम आमतौर पर जिस तरह काम करते हैं उस तरह सात दिनों में उन्हें एनओसी मिल जाती।”
उन्होंने कहा, “लेकिन मुझे लगता है कि इसमें ज्यादा समय लग गया। जब सात दिन बीत गए तो मैंने कहा कि मैं उन्हें बताऊंगा कि इसमें इतना समय क्यों लगा। वह इसलिए क्योंकि हमने हाल ही में बोर्ड के सभी अध्यक्ष और सीईओ को पत्र लिखा था।”
डब्ल्यूआईसीबी ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के सभी स्थायी सदस्यों के अध्यक्ष और सीईओ को पत्र लिखकर जानकारी दी थी कि बोर्ड की नई नीति के अनुसार विदेशी टी-20 टूर्नामेंटों में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों से किए गए अनुबंध पर 20 फीसदी कर देने का प्रावधान है।
dharmpath.com dharmpath