कैच छोड़ने का भारत को हुआ नुकसान : बांगर

राजकोट, 9 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के बल्लेबाजी कोच संजय बांगर ने बुधवार को कहा कि अगर भारतीय क्षेत्ररक्षक इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन बुधवार को सही मौकों पर कैच पकड़ लेते तो मेजबान अच्छी स्थिति में होते।

इंग्लैंड ने खराब शुरुआत के बाद वापसी करते हुए दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट के नुकसान पर 311 रन बना लिए हैं।

इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचाने का काम शतकवीर जोए रूट (124) और मोइन अली (नाबाद 99) ने किया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 179 रनों की साझेदारी की।

भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच संजय बांगर ने दिन का खेल खत्म होने के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हम अगर छह विकेट ले लेते और 25-30 रन कम देते तो अच्छी स्थिति में होते, लेकिन मैच जल्दी बदल सकता है। हमने उनके चार विकेट गिरा दिए हैं और कुछ और विकेट मैच का रुख बदल सकते हैं। हो सकता है हम उन्हें एक या आधे सत्र में समेट दें।”

बांगर ने हालांकि इंग्लैंड के बल्लेबाजों का परिस्थतियों का लाभ उठाने की क्षमता और अच्छी बल्लेबाजी की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा, “यह पहले दिन की पिच थी और राजकोट की विकेट हमेशा से बल्लेबाजों के मुफीद मानी जाती है इसलिए उन्हें श्रेय जाता है। वह अच्छे खिलाड़ी हैं, उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया और सामने आई परिस्थतियों का बखूबी फायदा उठाया।”

तेज गेंदबाज मोहम्मद समी की चोट पर बांगर ने कहा, “हमारे फीजियो ने बताया है कि उन्हें मांसपेशियों में खिंचाव है। उन्होंने चोट पर बर्फ से सिंकाई की और वह अब गेंदबाजी करने के लिए तैयार हैं। उन पर निगाह रखी जा रही है और वह दूसरे दिन के लिए फिट हो जाएंगे।”

समी को 61वें ओवर में मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या हो गई थी जिसके बाद वह गेंदबाजी नहीं कर पाए और उन्हें मैदान छोड़कर वापस जाना पड़ा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493