नई दिल्ली ,9 नवंबर (आईएएनएस)। अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने बुधवार को इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के मौजूदा संस्करण में खराब प्रदर्शन के चलते आलोचना झेल रहे रेफरियों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है।
आईएसएल के जारी तीसरे संस्करण में खेल रहे कई क्लबों के कोच ने भारतीय रेफरियों के साथ-साथ कुछ विदेशी रेफरियों के फैसलों पर भी सवाल उठाए हैं।
रेफरियों की आलोचना करने में गोवा के मुख्य कोच जीको सबसे मुखर हैं।
ब्राजीलियाई दिग्गज जीको ने लीग में अंपायरिंग के गिरते स्तर की कई बार आलोचना की है। उन्होंने एटलेटिको डी कोलकाता के खिलाफ हुए मैच के बाद कहा था कि अगर लीग में इसी स्तर की अंपायरिंग होती रही तो वह स्वदेश लौटने में हिचकिचाएंगे नहीं।
एआईएफएफ ने प्रोफेशनल गेम ऑफिशियल लीमिटेड (पीजीएमओएल) के साथ मिलकर अप्रैल में तीन दिन की कार्यशाला आयोजित की थी।
इस कार्यशाला का मतलब अंपायरिंग के स्तर को बेहतर कर खेल में सुधार करने का था। इसमें सैद्धांतिक और व्यावहारिक सत्र आयोजित किया गया था। इस वर्कशॉप में एआईएफएफ के 30 रेफरियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें 15 रेफरी और 15 सहायक रेफरी शामिल हुए थे।
एआईएफएफ ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा है, “अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ कोचों द्वारा मीडिया में हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में अंपयारिंग को लेकर दिए जा रहे बयानों की आलोचना करता है।”
बयान में कहा है, “हीरो आईएसएल में जो रेफरी नियुक्त हैं वह फीफा के अधिकारी हैं। उन्होंने अपने करियर में फीफा के अंतर्राष्ट्रीय मैचों और कई बड़े मैचों में हिस्सा लिया है। खिलाड़ी की तरह रेफरी भी मैच के दौरान अपनी पूरी ताकत झोंक देते हैं। उनकी आलोचना सुनना दुखद है।”
बयान में कहा गया है, “अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ आईएसएल में अंपायरिंग कर रहे मैच रेफरियों के साथ खड़ा है और इस बात को लेकर आश्वस्त है कि वह मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देंगे।”
dharmpath.com dharmpath